हरियाणा में 5 दिन लू का अलर्ट, राजस्थान की गर्म हवाओं से बढ़ेगी तपिश

हरियाणा में 17 मई से अगले 5 दिनों तक लू और भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।

हरियाणा में 5 दिन लू का अलर्ट, राजस्थान की गर्म हवाओं से बढ़ेगी तपिश

हरियाणा में 17 मई से 5 दिन लू चलने का अलर्ट जारी

राजस्थान की गर्म हवाओं से 3 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

किसानों को कपास की बुवाई टालने और फसल सुरक्षित रखने की सलाह

हरियाणा में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। पिछले दिनों आंधी और बूंदाबांदी के कारण मौसम में आई राहत अब खत्म होती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।

हरियाणा में अगले 5 दिन गर्म हवा और तेज धूप निकलेगी। - Dainik Bhaskar

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 17 मई से हरियाणा के कई जिलों में हीटवेव का असर दिखाई देना शुरू हो जाएगा। 18 और 19 मई को दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई को प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद लगातार तापमान बढ़ने की संभावना है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा। इस दौरान साल की सबसे अधिक गर्मी पड़ने की संभावना रहती है।

हिसार में गर्मी के कारण दोपहर में सड़कें सुनसान हो रही हैं।

17 मई को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ समेत पश्चिमी जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने के आसार हैं। इसके बाद 18 और 19 मई को लू का असर बढ़कर रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह और पलवल तक पहुंच सकता है।

भीषण गर्मी के कारण कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखाई देने लगी हैं। खासतौर पर हिसार में दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है।

कृषि मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। किसानों को अगले दो-तीन दिनों तक कपास की बुवाई टालने की सलाह दी गई है। साथ ही पकी हुई गेहूं और जौ की फसल की तुरंत कटाई और थ्रेशिंग करने को कहा गया है ताकि तेज गर्मी और हवाओं से नुकसान न हो।

किसानों को भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखने की भी सलाह दी गई है। वहीं सब्जी उत्पादकों से सिंचाई रोकने और तैयार फसल की कटाई करने को कहा गया है। पशुपालकों को तेज गर्मी और संभावित खराब मौसम के दौरान पशुओं को शेड में रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को नूंह हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 40.8 डिग्री, जबकि सिरसा और नरवाना में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी का असर दिखाई दे रहा है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं हिसार में रात का तापमान 23.7 और गुरुग्राम में 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात में भी गर्मी और उमस बढ़ सकती है।