कंप्यूटर साइंस PGT के 1672 पदों पर भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट, परीक्षा 17 मई को, आज से एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू

हरियाणा में कंप्यूटर साइंस PGT के 1672 पदों पर भर्ती परीक्षा 17 मई को होगी। HPSC आज से एडमिट कार्ड डाउनलोड की सुविधा शुरू करेगा।

कंप्यूटर साइंस PGT के 1672 पदों पर भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट, परीक्षा 17 मई को, आज से एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू

➤ हरियाणा में कंप्यूटर साइंस PGT के 1672 पदों पर भर्ती परीक्षा 17 मई को

➤ आज से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड, HPSC ने जारी किए निर्देश

➤ स्क्रीनिंग टेस्ट और सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट के आधार पर होगा चयन


हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने कंप्यूटर साइंस विषय में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अभ्यर्थी 11 मई से HPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रवेश पत्र को A-4 साइज पेपर पर स्पष्ट प्रिंट में निकालें, ताकि परीक्षा केंद्र पर पहचान में किसी तरह की परेशानी न हो।

यह भर्ती हरियाणा माध्यमिक शिक्षा विभाग में कंप्यूटर साइंस विषय के कुल 1672 पदों के लिए निकाली गई है। इनमें 1594 पद रेस्ट ऑफ हरियाणा कैडर और 78 पद मेवात कैडर के लिए निर्धारित किए गए हैं।

भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को दो चरणों की परीक्षा से गुजरना होगा। पहला चरण 100 अंकों का स्क्रीनिंग टेस्ट होगा, जिसकी अवधि 2 घंटे तय की गई है। इसके बाद दूसरा चरण 150 अंकों का सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट होगा, जो 3 घंटे तक चलेगा।

आयोग की ओर से यह भी बताया गया कि 17 मई को दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित होंगी। सुबह 10 बजे से एक परीक्षा और दोपहर 1 बजे से दूसरी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा हरियाणा विकास एवं पंचायत राज विभाग में लेक्चरर पदों की परीक्षा भी उसी दिन करवाई जाएगी।

गौरतलब है कि इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। आयोग ने 9 मार्च 2026 तक आवेदन मांगे थे। बड़ी संख्या में युवाओं ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है।

चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-8 के तहत ₹47,600 से ₹1,51,100 तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और अन्य सरकारी सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसी वजह से यह भर्ती युवाओं के बीच काफी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।