जम्मू-कश्मीर हादसा: झज्जर का जवान मोहित शहीद, गांव में शोक
जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी खाई में गिरने से झज्जर के जवान मोहित शहीद। एक साल पहले शादी, पत्नी दो माह की गर्भवती।
➤ जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिरी
➤ हादसे में झज्जर के जवान मोहित शहीद, 10 सैनिकों की गई जान
➤ एक साल पहले शादी, पत्नी दो माह की गर्भवती
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 सैनिकों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले के गांव गिजाड़ौध निवासी आर्मी जवान मोहित भी शामिल हैं।
शहीद मोहित के शहादत की सूचना गुरुवार देर शाम परिवार को दी गई। खबर मिलते ही गांव गिजाड़ौध में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, मोहित करीब 5 साल पहले आर्मी में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और उनकी पत्नी दो माह की गर्भवती हैं।
परिवार ने बताया कि मोहित नवंबर महीने में शादी की सालगिरह पर छुट्टी लेकर घर आए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद वे जल्द लौटने का वादा कर ड्यूटी पर गए थे, लेकिन अब उनके शहीद होने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
गांव के सरपंच नरेश ने बताया कि शहीद मोहित की पार्थिव देह शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव लाई जाएगी। इसके बाद गांव में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से भी शहीद जवान को अंतिम विदाई दी जाएगी।
यह है मामला
➤ जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना का वाहन 400 फीट गहरी खाई में गिरा
➤ हादसे में 10 जवानों की मौत, 11 घायल जवान एयरलिफ्ट
➤ भद्रवाह-चंबा रोड पर ऊपरी पोस्ट जाते समय हुआ हादसा
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेना का एक वाहन ऊपरी पोस्ट की ओर जाते समय 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में देश ने अपने 10 वीर जवानों को खो दिया, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेना के अधिकारियों के अनुसार वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान डोडा से भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड के जरिए ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। खन्नी टॉप के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य में हेलिकॉप्टर की मदद ली गई। घायल जवानों को घटनास्थल से एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि डोडा में हुए सड़क हादसे में जिन वीर जवानों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताया है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
Akhil Mahajan