महिलाओं को 1 नवंबर से हर महीने मिलेगा ₹2100, लाडो लक्ष्मी योजना का एप 25 सितंबर को होगा लॉन्च

हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 1 नवंबर से हर माह महिलाओं को 2100 रुपए मिलेंगे। योजना का ट्रायल 25 सितंबर से शुरू, 18-20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है।

महिलाओं को 1 नवंबर से हर महीने मिलेगा ₹2100, लाडो लक्ष्मी योजना का एप 25 सितंबर को होगा लॉन्च

➤ लाडो लक्ष्मी योजना से हर माह महिलाओं को 2100 रुपए मिलेंगे
➤ 25 सितंबर से ट्रायल शुरू, 25 सितंबर को लॉन्च इवेंट
➤ 18 से 20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी, खर्च 4062 करोड़ रुपए सालाना

हरियाणा सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से "लाडो लक्ष्मी योजना" को लेकर एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए प्रदान किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि यह योजना 1 नवंबर से लागू होगी। लेकिन इसकी शुरुआत एक ट्रायल चरण के रूप में 25 सितंबर से होगी, जिसमें सरकार विभाग स्तर पर प्रक्रिया को परखने का काम करेगी।

25 सितंबर को पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस योजना का भव्य उद्घाटन करेंगे। इसके बाद इसे हरियाणा की सभी पात्र महिलाओं के लिए लागू कर दिया जाएगा। मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि एक ही फोन से 20 से 25 महिलाएं रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। उन महिलाओं के लिए यह सुविधा दी गई है जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है। इसके लिए किसी CSR सेंटर पर दौड़ने की आवश्यकता नहीं होगी।

लाडो लक्ष्मी योजना पर सालाना 4062 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना का लाभ हरियाणा में पिछले 15 साल से रह रही महिलाएं भी उठा सकेंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक में 28 अगस्त को घोषणा की थी कि योजना का प्रथम चरण में लगभग 18 से 20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। परिवार पहचान पत्र के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में इस आय वर्ग की 23 से 60 वर्ष तक की करीब 17 लाख 25 हजार विवाहित महिलाएं तथा 23 से 45 वर्ष तक की 2.75 लाख कुंवारी महिलाएं योजना के अंतर्गत आएंगी।

कृष्ण बेदी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने यह योजना चलाई है। अब महिलाएं पैसों के लिए परिवार के पुरुष सदस्यों पर निर्भर नहीं रहेंगी। इसके साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने व अन्य आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई अन्य योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

इस योजना के साथ महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा का अतिरिक्त बल मिलेगा और वे अपने परिवार को बेहतर रूप से संभाल सकेंगी। सरकार का उद्देश्य सामाजिक न्याय व आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाना है।