हरियाणा में तेल ने लगाई आग: पेट्रोल 100 के करीब, डीजल 90 पार

हरियाणा में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के करीब पहुंच गया है।

हरियाणा में तेल ने लगाई आग:  पेट्रोल 100 के करीब, डीजल 90 पार
  • हरियाणा में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंचीं
  • डीजल 90 रुपए पार, एक दिन में जनता पर करोड़ों रुपए का अतिरिक्त बोझ
  • पेट्रोलियम एसोसिएशन ने आगे 10 रुपए तक और बढ़ोतरी की आशंका जताई

केंद्र सरकार द्वारा फ्यूल टैक्स में बढ़ोतरी के बाद हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। प्रदेश के कई शहरों में अब पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गई हैं। सबसे ज्यादा कीमत फतेहाबाद में दर्ज की गई, जहां पेट्रोल का नया रेट 99.40 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, अधिकांश जिलों में डीजल की कीमत भी 90 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है।

पंचकूला में डीजल डलवाने पहुंचा कार सवार और मालवाहक वाहन।

नई दरों के अनुसार प्रदेश में पेट्रोल और डीजल दोनों पर करीब 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा CNG के दाम भी 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए हैं। बढ़े हुए रेट लागू होने के बाद आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।

हरियाणा में प्रतिदिन करीब 48.04 लाख लीटर पेट्रोल और लगभग 1.20 करोड़ लीटर डीजल की खपत होती है। ऐसे में नई कीमतों के बाद लोगों को रोजाना करोड़ों रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। आंकड़ों के मुताबिक पेट्रोल खरीद पर जनता को प्रतिदिन करीब 1.44 करोड़ रुपए अधिक खर्च करने होंगे, जबकि डीजल पर यह अतिरिक्त बोझ करीब 3.6 करोड़ रुपए प्रतिदिन तक पहुंच सकता है।

प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमतों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। पानीपत में पेट्रोल 97.88 रुपए, गुरुग्राम में 98.29 रुपए, पंचकूला में 99.31 रुपए, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र में 98.95 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं, डीजल के नए रेट पंचकूला में 91.73 रुपए, हिसार में 91.63 रुपए और फरीदाबाद में 91.39 रुपए प्रति लीटर दर्ज किए गए हैं।

नारनौल में डीजल के नए रेट अब 91.01 प्रति लीटर हो गए।

विशेषज्ञों के अनुसार इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। तेल कंपनियां लंबे समय से दबाव में थीं और घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।

हरियाणा पेट्रोल डीजल एसोसिएशन के पूर्व प्रधान शमशेर सिंह गोगी ने बताया कि हरियाणा में पेट्रोल पर 19.11 प्रतिशत और डीजल पर 16.8 प्रतिशत वैट लागू है। इसी वजह से बढ़ोतरी का असर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल करीब 3.50 रुपए और डीजल करीब 3.40 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है।

वहीं, हरियाणा पेट्रोलियम एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी ने दावा किया कि आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल पर करीब 10 रुपए तक बढ़ोतरी कर सकती है। रोजाना 50 पैसे से लेकर कुछ दिनों बाद 3 रुपए तक की और वृद्धि संभव है।

ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन हिसार के प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों को इससे ज्यादा फायदा नहीं होगा, लेकिन महंगाई जरूर बढ़ेगी और लोगों की परेशानी बढ़ेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। कृषि क्षेत्र में डीजल महंगा होने से ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ट्यूबवेल और सिंचाई का खर्च बढ़ जाएगा। इससे खेती की लागत बढ़ने की आशंका है। किसान संगठनों ने भी इसे कृषि क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बताया है।

इसके अलावा ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी दबाव बढ़ेगा। ट्रक, बस, टैक्सी और मालवाहक वाहनों का संचालन महंगा होने से किराए बढ़ सकते हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में माल ढुलाई की लागत बढ़ने से उत्पादन लागत और बाजार कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों ने यह भी आशंका जताई है कि परिवहन महंगा होने से फल-सब्जियां, दूध, राशन और अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। इससे आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होगा।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 1.89 से 2.35 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी। हरियाणा में करीब 3 हजार फ्यूल पंप संचालित हैं और अब लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।