हरियाणा पुलिस में पहली बार आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) का गठन, पंचकूला-गुरुग्राम में बनेंगे ATS थाने
हरियाणा सरकार ने पहली बार राज्य में ATS गठन को मंजूरी दी है। पंचकूला में मुख्यालय और पंचकूला-गुरुग्राम में ATS थाने स्थापित किए जाएंगे।
- हरियाणा पुलिस में पहली बार आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) का गठन
- पंचकूला में मुख्यालय और पंचकूला-गुरुग्राम में बनेंगे ATS थाने
- एनएसजी की तर्ज पर प्रशिक्षित कमांडो और आधुनिक तकनीक से लैस होगा दस्ता
हरियाणा में आंतरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में नायब सिंह सैनी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में पहली बार आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। ATS का मुख्यालय पंचकूला में स्थापित होगा, जबकि प्रदेशभर में आतंकवाद और संगठित आतंकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष तंत्र विकसित किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले को हरियाणा पुलिस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई सामान्य पुलिस की बजाय विशेष रूप से गठित ATS द्वारा की जाएगी। इसके लिए अलग कमांड, अलग मुख्यालय और अलग पुलिस थानों की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि ATS आधुनिक तकनीक, विशेष प्रशिक्षण, मजबूत खुफिया नेटवर्क और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय के माध्यम से आतंकवाद, कट्टरपंथ और संगठित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करेगा। राज्य की सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
ATS का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (IG) स्तर के अधिकारी द्वारा किया जाएगा। यह इकाई सीआईडी के कमांड और नियंत्रण में कार्य करेगी। इसकी संरचना बहुस्तरीय होगी, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की तर्ज पर विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो शामिल किए जाएंगे। ये कमांडो संवेदनशील अभियानों और त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ATS के तहत एक विशेष खुफिया एवं संचालन शाखा बनाई जाएगी, जो आतंकवादी संगठनों की पहचान, निगरानी और गिरफ्तारी का कार्य करेगी। वहीं आतंकवाद और उससे जुड़े अपराधों की जांच के लिए विशेष ATS पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें कानूनी, वित्तीय और फॉरेंसिक जांच इकाइयां भी कार्य करेंगी।
पूरे हरियाणा को कवर करने के लिए ATS के दो विशेष थाने स्थापित किए जाएंगे। पंचकूला ATS थाना पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कैथल, हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों को कवर करेगा। वहीं गुरुग्राम ATS थाना सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों की जिम्मेदारी संभालेगा।
तकनीकी निगरानी को मजबूत करने के लिए ATS में साइबर एवं टेक्निकल इंटेलिजेंस यूनिट भी बनाई जाएगी। यह यूनिट ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, डार्क वेब गतिविधियों और संदिग्ध डिजिटल नेटवर्क की निगरानी करेगी। इसके अलावा डेटा एनालिसिस एवं इंटरसेप्शन यूनिट आधुनिक विश्लेषण प्रणालियों के जरिए सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का मूल्यांकन करेगी।
सरकार युवाओं को कट्टरपंथी विचारधाराओं से दूर रखने के लिए डि-रेडिकलाइजेशन यूनिट भी स्थापित करेगी। यह यूनिट जागरूकता अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास करेगी। साथ ही प्रशिक्षण एवं अनुसंधान विंग समय-समय पर ATS कर्मियों के कौशल विकास और रिफ्रेशर कोर्स संचालित करेगा।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्पष्ट सोच है कि राज्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आतंकवाद के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जा सकती। ATS के गठन से हरियाणा की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
Akhil Mahajan