हरियाणा में मानसून की दस्तक,48 घंटे में एंट्री, 6 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

हरियाणा में प्री-मानसून सक्रिय हो गया है। अगले 48 घंटे में मानसून की एंट्री के आसार हैं। 6 जुलाई तक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में मानसून की दस्तक,48 घंटे में एंट्री, 6 जुलाई तक बारिश का अलर्ट
  • हरियाणा में प्री-मानसून एक्टिव, अगले 48 घंटे में मानसून की एंट्री के आसार
  • 6 जुलाई तक तेज हवाएं, गरज-चमक और कई जिलों में बारिश का अलर्ट
  • सोनीपत में बूंदाबांदी के बीच मोर ने फैलाए पंख, हिसार सबसे गर्म जिला रहा

हरियाणा में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर में बारिश हुई। सोनीपत में बूंदाबांदी के बीच एक मोर पंख फैलाकर नाचता दिखाई दिया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, अगले 48 घंटे के भीतर मानसून हरियाणा में दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सबसे पहले यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेंगी। इसके बाद मानसून करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत होते हुए दिल्ली-एनसीआर और दक्षिणी हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल तक पहुंचेगा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय मानसूनी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में 6 जुलाई तक तेज हवाएं, गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

बुधवार सुबह पानीपत में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं हिसार में सुबह से बादल छाए रहे और यहां भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हिसार प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद रोहतक में 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली। करनाल और सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सिरसा सबसे गर्म रात वाला जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।