हरियाणा से सोमनाथ दर्शन के लिए चलेगी विशेष ट्रेन, CM सैनी का ऐलान
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की कि हरियाणा से श्रद्धालुओं को लेकर 8 जून को विशेष ट्रेन सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना होगी।
➤ हरियाणा से 8 जून को सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना होगी विशेष ट्रेन
➤ मुख्यमंत्री नायब सैनी बोले- श्रद्धालुओं में दिख रहा जबरदस्त उत्साह
➤ कुरुक्षेत्र में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के दौरान PM मोदी का लाइव कार्यक्रम दिखाया गया
हरियाणा से भगवान सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का बड़ा जत्था जल्द रवाना होने वाला है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश से श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन 8 जून को सोमनाथ के लिए रवाना होगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री सोमवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। यहां उन्होंने सबसे पहले गीता स्थली ज्योतिसर तीर्थ पर माथा टेका और तीर्थ क्षेत्र का अवलोकन किया। इसके बाद वे पिहोवा के अरुणाय स्थित श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं की कलश यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ मंदिर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी श्रद्धालुओं को दिखाया गया। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों और भक्ति के माहौल से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि देशभर के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं की यात्राएं लगातार सोमनाथ पहुंच रही हैं और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए उत्साहित हैं। इसी को देखते हुए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा का अवसर देने के लिए सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चला रही है। इसी योजना के तहत हाल ही में करीब 850 श्रद्धालुओं का जत्था पांच दिन की धार्मिक यात्रा पूरी कर वापस लौटा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से दोबारा मजबूती से जुड़ रहा है। सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास गवाह है जब-जब सोमनाथ मंदिर पर हमला हुआ, तब पूरे देश की आत्मा आहत हुई। उन्होंने याद दिलाया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था और वर्ष 1951 में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने मंदिर का उद्घाटन किया था।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत वर्ष 2015 में कुरुक्षेत्र को श्रीकृष्ण सर्किट में शामिल किया गया था, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
Akhil Mahajan