हरियाणा से तीन दिन में मानसून विदा, अब चढ़ेगा पारा

हरियाणा में तीन दिन में मानसून विदा हो जाएगा। मौसम विभाग ने 28 सितंबर तक गर्म और खुश्क हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। इस सीजन में प्रदेश में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है, जिसमें यमुनानगर सबसे आगे और सिरसा सबसे पीछे रहा।

हरियाणा से तीन दिन में मानसून विदा, अब चढ़ेगा पारा

हरियाणा से तीन दिन में मानसून की विदाई
28 सितंबर तक बढ़ेगी गर्मी और चलेगी उत्तर-पश्चिमी हवाएं
इस सीजन में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज


हरियाणा में अब मानसून विदाई की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। अगले तीन दिनों में प्रदेश से मानसून पूरी तरह हट जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से ही कई जिलों में आसमान साफ दिखा और बादलों का असर घटने लगा। 28 सितंबर तक पूरे हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी। शाम के समय हवा की गति धीमी हो जाएगी।

इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सबसे ज्यादा तापमान पलवल में 37 डिग्री तक पहुंचा, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान पानीपत में 32.6 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा, जहां 22.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में खुश्क हवाएं लगातार चलेंगी, जिससे नमी घटेगी और वातावरण शुष्क हो जाएगा। बारिश की संभावना अगले हफ्ते तक नहीं है।

इस सीजन की बारिश की बात करें तो एक जून से 21 सितंबर तक औसतन 413.7 एमएम वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 568.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1116.9 एमएम और सबसे कम सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई।