हरियाणा में बदलेगा मौसम, एक हफ्ते तक बारिश-बूंदाबांदी के आसार
हरियाणा में 20 से 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। बूंदाबांदी और बारिश के आसार हैं। IMD ने कोहरे और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा में एक सप्ताह तक बारिश और बादलवाही का दौर जारी
20 से 24 जनवरी तक बूंदाबांदी, 25 से व्यापक बारिश के आसार
IMD ने कोहरे और बारिश को लेकर यलो अलर्ट किया जारी
हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन ठंड का असर अभी बना हुआ है। सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 20 और 21 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 22 से 24 जनवरी के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि 25 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है।
इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव रहेगा और रात्रि तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। अलसुबह और देर रात कुछ क्षेत्रों में धुंध और कोहरा छाने की भी आशंका है।
IMD चंडीगढ़ ने अगले पांच दिनों को लेकर जिलेवार चेतावनी जारी की है। 19 जनवरी को हिसार, भिवानी, जींद, कैथल और अंबाला में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 22 और 23 जनवरी को उत्तरी हरियाणा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
Akhil Mahajan