हरियाणा में बदला मौसम: बारिश के साथ ओले गिरे, 4-5 मई को तेज आंधी-तूफान का अलर्ट

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के बीच मौसम बदला, 4-5 मई को आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी।

हरियाणा में बदला मौसम: बारिश के साथ ओले गिरे, 4-5 मई को तेज आंधी-तूफान का अलर्ट

➤ कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि, तेज हवाएं चलीं
➤ 4 और 5 मई को मौसम का असर सबसे ज्यादा रहेगा
➤ तापमान में 3-4 डिग्री गिरावट की संभावना


हरियाणा में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में तेज बदलाव देखने को मिला। नूंह में शाम के समय बारिश हुई, जबकि नारनौल में देर शाम बारिश के साथ ओले गिरे। इसके अलावा हिसार, हांसी, भिवानी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में तेज आंधी चली। फरीदाबाद में रात के समय बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन अचानक बदले मौसम ने जनजीवन भी प्रभावित किया।

फरीदाबाद में रात को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 2 मई से 8 मई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। विशेष रूप से 4 और 5 मई को इसका प्रभाव अधिक देखने को मिलेगा, जब कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि 4 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में और 5 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 3 और 6 मई को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

हिसार में देर शाम को तेज आंधी चली।

तेज हवाओं और बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अचानक बदलते मौसम के कारण फसलों और खुले में रखे सामान को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

नूंह में शाम को तेज बारिश हुई।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भिवानी में 41 डिग्री, रोहतक में 40.6 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 40.4 डिग्री और सिरसा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।