हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं , जाने सप्ताह तक कैसा रहेगा हरियाणा का मौसम
हरियाणा में 7-8 अप्रैल को बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी। कई जिलों में तेज हवाएं चलेंगी, जबकि गुरुग्राम सबसे गर्म दर्ज किया गया।
➤ हरियाणा में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
➤ 7-8 अप्रैल को तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना
➤ गुरुग्राम सबसे गर्म, फिर भी तापमान सामान्य से कम
हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार के मुकाबले रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 32.9 डिग्री और हिसार में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में बिजली गिरने, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखा गया।
मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
वहीं 7 और 8 अप्रैल को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बारिश के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 अप्रैल को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने के आसार हैं। इसके अलावा 5 और 6 अप्रैल को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Akhil Mahajan