CM से मिले पीड़ित बोले- गलत मिले तो जूते मार लेना
हिसार में मुख्यमंत्री नायब सैनी से दो भाइयों ने सदर थाना SHO पर मारपीट का आरोप लगाया। CM ने SP को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
- हिसार में मुख्यमंत्री से पीड़ित भाइयों की सीधी शिकायत
- सदर थाना SHO पर बिना कारण मारपीट का आरोप
- CM बोले- गलत मिले तो कार्रवाई, सही हुए तो न्याय
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से हिसार के गांव जुगलान निवासी दो भाई संदीप और सिद्धांत ने सदर थाना एसएचओ के खिलाफ गंभीर शिकायत की। टाउन पार्क में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दोनों भाइयों ने उनसे मुलाकात कर बताया कि वे शिकायतकर्ता बनकर थाने गए थे, लेकिन वहां उनके साथ मारपीट की गई।
मुख्यमंत्री ने युवकों की बात सुनते हुए कहा कि गलत काम मत करना। इस पर भाइयों ने भावुक होकर कहा कि अगर हम गलत मिले तो जूते मार लेना। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि गलत मिलने पर जूते नहीं बल्कि कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने मौके पर ही हिसार एसपी शशांक कुमार सावन को निर्देश दिए कि अगर युवकों के साथ अन्याय हुआ है तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पीड़ितों ने बताया कि वे कुछ दिन पहले हिसार सदर थाने में शिकायत देने गए थे। आरोप है कि एसएचओ और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें ढाई घंटे तक थाने में बैठाकर पीटा, थप्पड़ मारे और जब उन्होंने वीडियो बनाने की कोशिश की तो मोबाइल भी छीन लिया गया।
युवकों ने दावा किया कि इस मामले में डीजीपी स्तर तक संज्ञान लिया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा कि अगर एसएचओ दोषी पाया गया तो उसे डिमोट कर थाने में ही तैनात किया जाए, ताकि उसे अपने किए का एहसास हो।
पीड़ित संदीप ने बताया कि 13 जनवरी को वे इस शिकायत को लेकर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए थे, लेकिन अगले दिन एसपी से मिलने पर उन्हें कार्रवाई की गंभीरता नजर नहीं आई।
सिद्धांत ने बताया कि उनकी पत्नी के गलत इलाज से जुड़ी शिकायत लेकर ही वे थाने पहुंचे थे। उनकी पत्नी तीन माह की गर्भवती थी, लेकिन सिविल अस्पताल में उसे सामान्य बताया गया। बाद में निजी अस्पताल में जांच कराने पर पता चला कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद डीएमसी करानी पड़ी। इसी शिकायत को लेकर थाने जाने पर उनके साथ कथित मारपीट हुई।
मुख्यमंत्री से दोबारा मिलने के बाद दोनों भाइयों ने भरोसा जताया कि अब उन्हें न्याय मिलेगा।
Akhil Mahajan