असम के हाईवे पर उतरे प्रधानमंत्री मोदी: वायुसेना के C-130 से मोरन में ऐतिहासिक लैंडिंग, कांग्रेस पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मोरन बाइपास पर वायुसेना के C-130 विमान से इमरजेंसी लैंडिंग कर इतिहास रचा। उन्होंने ब्रह्मपुत्र पर कुमार भास्कर वर्मन सेतु और IIM गुवाहाटी कैंपस का उद्घाटन किया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

असम के हाईवे पर उतरे प्रधानमंत्री मोदी: वायुसेना के C-130 से मोरन में ऐतिहासिक लैंडिंग, कांग्रेस पर तीखा हमला

➤ वायुसेना के C-130 से हाईवे पर उतरने वाले पहले प्रधानमंत्री
➤ चीन बॉर्डर से 300 किमी दूर मोरन में ELF का प्रदर्शन
➤ कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने इतिहास रचते हुए वायुसेना के C-130 एयरक्राफ्ट से मोरन बाइपास पर बनी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी पर उतरकर नया रिकॉर्ड बनाया। ऐसा करने वाले वे देश के पहले प्रधानमंत्री बने। हाईवे पर विमान की लैंडिंग ने न केवल सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया, बल्कि उत्तर-पूर्व में तेजी से विकसित हो रहे डुअल-यूज इंफ्रास्ट्रक्चर का भी संदेश दिया।

प्रधानमंत्री पहले चाबुआ एयरफील्ड पहुंचे और वहां से भारतीय वायुसेना के C-130 विमान में सवार होकर डिब्रूगढ़ के मोरन बाइपास पहुंचे। यह एयरस्ट्रिप NH-127 के 4.4 किलोमीटर लंबे हिस्से पर विकसित की गई है। यह पूर्वोत्तर भारत की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी है, जिसका उपयोग युद्ध या आपातकाल की स्थिति में सैन्य और नागरिक दोनों विमानों के लिए किया जा सकता है।

मोरन बाइपास चीन सीमा से लगभग 300 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इसकी सामरिक अहमियत और बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में राफेल और सुखोई समेत 16 लड़ाकू विमानों ने एरियल शो किया। करीब 30 मिनट तक चले इस डेमो में विमानों ने हाईवे से ही लैंडिंग और टेकऑफ कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

पीएम पहले चाबुआ एयरफील्ड पहुंचे, जहां से C-130 में बैठकर मोरन पहुंचे।

कांग्रेस पर सीधा हमला

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक असम को पाई-पाई के लिए तरसाया। टैक्स हिस्सेदारी के रूप में जहां पहले सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपए मिलते थे, वहीं भाजपा सरकार में यह राशि पांच गुना तक बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने असम को विकास परियोजनाओं के लिए 5.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय जब भी सेना के लिए हथियार खरीदे गए, तो हजारों करोड़ के घोटाले सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज की कांग्रेस ऐसे लोगों और विचारों का साथ दे रही है जो देश के खिलाफ सोचते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग देश को तोड़ने की बात करते हैं, वे कांग्रेस के लिए सम्मानित बन जाते हैं।

मोरन एयरस्ट्रिप NH-127 के 4.4 किमी लंबे हिस्से पर ELF बनाई गई है।

ब्रह्मपुत्र पर नया सेतु और IIM कैंपस का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मन सेतु का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में ब्रह्मपुत्र पर 5 बड़े पुल बनाए, जबकि कांग्रेस के 70 साल के शासन में केवल 3 पुल बने थे।

इसके अलावा उन्होंने IIM गुवाहाटी के टेंपरेरी कैंपस का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पहले असम और नॉर्थ ईस्ट के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय संस्थान स्थापित हो रहे हैं।

पीएम ने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मन सेतु का उद्घाटन किया।

विकास और सुरक्षा का संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट उनके लिए अष्टलक्ष्मी है और बजट में इस क्षेत्र को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि 2014 में देश में 6 एम्स थे, जबकि आज 20 से अधिक एम्स संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश आज सीमाओं पर हाईवे, टनल और ब्रिज बनाकर सुरक्षा को मजबूत कर रहा है। पुलवामा हमले की बरसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकियों को सजा देकर दुनिया को संदेश दिया है।

यह प्रधानमंत्री का पिछले तीन महीनों में तीसरा असम दौरा है। राज्य में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। 2016 से राज्य में लगातार दो बार एनडीए सरकार बनी है।