हिसार टोल प्लाजा पर टोल विवाद में मैनेजर की ह*त्या, स्कॉर्पियो से कु*चलने का आरोप
हिसार के बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर 130 रुपए के टोल विवाद में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की कथित तौर पर स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में जुटी है।
हिसार के बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर 130 रुपए के टोल को लेकर विवाद के बाद टोल मैनेजर की हत्या
स्कॉर्पियो सवार युवकों पर पहले टक्कर मारने और फिर गाड़ी चढ़ाने का आरोप
घटनास्थल से पिस्टल बरामद, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
हरियाणा के हिसार जिले में स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर 130 रुपए के टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि टोल टैक्स को लेकर हुई कहासुनी के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने टोल मैनेजर संजय शुक्ला की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो (HR-80F-4887) बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी में चार युवक सवार थे। टोल कर्मियों ने उनसे टोल शुल्क मांगा, लेकिन युवकों ने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए टोल देने से इनकार कर दिया।
टोल कर्मियों ने युवकों से पहचान पत्र दिखाने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर ड्यूटी मैनेजर संजय शुक्ला गाड़ी के सामने आकर उसे रोकने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने संजय शुक्ला को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद चालक ने गाड़ी को पीछे लिया और दोबारा उनके ऊपर चढ़ा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हिसार की तरफ फरार हो गए।
घटना के बाद टोल कर्मी गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पिस्टल किसकी है और उसका घटना से क्या संबंध है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद टोल कर्मियों और स्कॉर्पियो सवार युवकों के बीच हुई बहस का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में टोलकर्मी अन्य कर्मचारियों को युवकों की वीडियो रिकॉर्डिंग करने और डायल-112 पर कॉल करने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में युवक खुद को बहबलपुर गांव का निवासी बताते हुए नजर आते हैं। टोलकर्मी उनसे पहचान पत्र और वाहन की आरसी दिखाने की मांग करते हैं। कर्मचारियों का कहना था कि बिना आईडी सत्यापन के उन्हें टोल से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
वायरल वीडियो में टोलकर्मी यह आरोप भी लगाते सुनाई दे रहे हैं कि स्कॉर्पियो सवार युवक शराब के नशे में थे और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और स्कॉर्पियो सवार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
pooja