हिसार में सस्ती सेल बनी बवाल, भीड़ ने मचाया हंगामा 1000 में 12 शर्ट की ऑफर पर उमड़ी भीड़
हिसार में सस्ती सेल के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और लोग बिना पेमेंट किए शर्ट-जींस उठाकर भागने लगे। पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात काबू करने पड़े।
■ 1000 रुपये में 12 शर्ट-4 जींस की सेल में बेकाबू हुई भीड़
■ बाउंसर और स्टाफ को धकेलकर लोग बिना पेमेंट कपड़े उठाकर भागे
■ पुलिस ने पहुंचकर हालात संभाले, दुकानदार को बीच में ही दुकान बंद करनी पड़ी
हरियाणा के हिसार शहर में सस्ती सेल का लालच उस वक्त भारी पड़ गया, जब एक कपड़े की दुकान पर उमड़ी भीड़ पूरी तरह बेकाबू हो गई। 1000 रुपये में 12 शर्ट और 1000 रुपये में 4 जींस की ऑफर सुनकर लोग इतनी संख्या में पहुंच गए कि हालात बिगड़ गए और देखते ही देखते खरीदारी का माहौल हंगामे और अफरातफरी में बदल गया।
शहर के ग्रोवर मार्केट के सामने स्थित इस दुकान पर शुक्रवार दोपहर अचानक भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में खरीदारी सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन दोपहर करीब एक बजे भीड़ ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। लोग एक-दूसरे को धकेलते हुए काउंटर तक पहुंचने की कोशिश करने लगे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वहां तैनात बाउंसर और स्टाफ भी भीड़ को काबू नहीं कर पाए।भीड़ ने बाउंसरों को धक्का देकर किनारे कर दिया और काउंटर के पीछे खड़े स्टाफ को भी पीछे धकेल दिया। इसके बाद कई लोग बिना पेमेंट किए ही शर्ट और जींस उठाकर भागने लगे। दुकान के अंदर पूरी तरह अव्यवस्था फैल गई और सामान लूटने जैसी स्थिति बन गई।दुकान संचालक पुष्पेंद्र ने बताया कि वह लंबे समय से कपड़ों का कारोबार कर रहे हैं और समय-समय पर सेल लगाते रहते हैं। इस बार उन्होंने बचे हुए स्टॉक को निकालने के लिए यह ऑफर रखा था। इसके प्रचार के लिए उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो डाला था, जिसे देखकर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग दुकान पर पहुंचने लगे।
उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो बाउंसर भी लगाए गए थे, लेकिन सस्ते के लालच में भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। खासकर ईद के नजदीक होने के कारण भीड़ और ज्यादा बढ़ी, जिससे अफरातफरी मच गई।हालात इतने बिगड़ गए कि दुकानदार को बीच में ही दुकान का शटर गिराकर वहां से निकलना पड़ा। कई स्टाफ सदस्य दुकान के अंदर ही फंस गए और शटर बंद करके खुद को सुरक्षित किया। बाहर भीड़ काफी देर तक जमा रही और सेल खत्म होने की जानकारी देने के बाद भी लोग हटने को तैयार नहीं थे।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवाओं को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद दुकान के बाहर का इलाका खाली करवाया गया। इस घटना ने सस्ती सेल के दौरान भीड़ प्रबंधन की बड़ी चुनौती को उजागर कर दिया है।
shubham