Gen Z आंदोलन की जीत पर हिसार में कांग्रेस का जश्न, राहुल गांधी को दिया श्रेय

Gen Z आंदोलन की जीत और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हिसार में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सांसद जयप्रकाश ने राहुल गांधी को श्रेय दिया और चौटाला परिवार के सवाल पर टिप्पणी से इनकार किया।

Gen Z आंदोलन की जीत पर हिसार में कांग्रेस का जश्न, राहुल गांधी को दिया श्रेय
  • Gen Z आंदोलन की जीत पर हिसार कांग्रेस ने प्रदर्शन कर खुशी जताई
  • बजरंग दास गर्ग ने कहा कि छात्रों और कांग्रेस के दबाव में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा
  • सांसद जयप्रकाश ने आंदोलन की सफलता का श्रेय राहुल गांधी और छात्रों के संघर्ष को दिया

Gen Z आंदोलन की जीत और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हिसार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के बाहर नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार मुर्दाबाद, छात्रों का आंदोलन जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया।

छात्रों और कांग्रेस के दबाव में झुकी सरकार: गर्ग

कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि देशभर के छात्रों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया। इसी दबाव के चलते केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विपक्ष और छात्रों की आवाज दबाने के लिए लाठीचार्ज और बल प्रयोग का सहारा लिया। गर्ग ने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण के बाद कई छात्रों ने अपनी जान गंवाई और अब सरकार को प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा भी देना चाहिए।

राहुल गांधी ने संसद में उठाई छात्रों की आवाज

कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने आंदोलन की सफलता का श्रेय छात्रों के साथ-साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी दिया। उन्होंने कहा कि जहां छात्र जंतर-मंतर पर संघर्ष कर रहे थे, वहीं राहुल गांधी संसद के भीतर उनकी आवाज बुलंद कर रहे थे। इससे सरकार पर हर तरफ से दबाव बना।

जयप्रकाश ने कहा कि युवाओं का मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं है। राहुल गांधी ने भी किसी पार्टी का नाम लिए बिना छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और उनकी मांगों को संसद में प्रमुखता से रखा।

चौटाला परिवार के सवाल पर साधी चुप्पी

मीडिया ने जब सांसद जयप्रकाश से चौटाला परिवार द्वारा आंदोलन को समर्थन देने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने हाथ जोड़ते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता सिर्फ छात्रों की जीत पर खुशी जताना है। कौन किसके साथ खड़ा था, इसका फैसला जनता खुद करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम है तथा सरकार को भविष्य में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।