स्पा सेंटरों पर चल रही गंदगी का पर्दाफाश, पुलिस और CWC ने गिरफ्तार किये कई लड़के-लड़कियां
हरियाणा के करनाल में अवैध होटल, कैफे और स्पा सेंटर पर पुलिस और बाल संरक्षण समिति ने छापेमारी की। कई युवक-युवतियां डिटेन, नाबालिग गर्भवती मिलने के बाद जांच तेज की गई।
➤ करनाल के मुगल कनाल स्थित होटल, कैफे व स्पा सेंटर पर पुलिस और बाल संरक्षण समिति की संयुक्त छापेमारी
➤ कई युवक-युवतियां डिटेन, नाबालिग तो नहीं मिले पर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़
➤ नाबालिग गर्भवती मिलने के बाद कार्रवाई तेज, संचालकों को चेतावनी, भविष्य में और रेड की संभावना
हरियाणा के करनाल जिले के मुगल कनाल स्थित एक होटल, कैफे व स्पा सेंटर में प्रशासनिक टीम और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। बाल संरक्षण समिति पंचकूला की टीम के साथ पहुंचे अधिकारियों ने जैसे ही एंट्री की, होटल, कैफे व स्पा सेंटर में अफरातफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान कई युवक-युवतियां वहां मौजूद पाए गए, जिन्हें पुलिस ने मौके से डिटेन कर लिया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कुल कितने लोग पकड़े गए।
सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन उमेश चानना ने बताया कि यह कार्रवाई इसलिए तेज की गई क्योंकि हाल ही में एक नाबालिग गर्भवती लड़की का मामला सामने आया था, जिसने अपने बयान दर्ज करवाए थे। इस वजह से टीम ने होटल, कैफे व स्पा सेंटरों पर विशेष ध्यान दिया। जांच में नाबालिग तो नहीं मिलीं, पर कई बालिग युवक-युवतियां मौजूद पाए गए। पुलिस सभी के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है।
इन कैफे व स्पा सेंटरों में नाबालिग व बड़े उम्र के लोगों से प्रति घंटे 200 रुपए किराया वसूला जाता था, जहां कॉफी परोसने की बजाय अवैध काम किए जा रहे थे। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने साफ किया कि शहर में किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी लाइसेंस की जांच की गई और एंट्री रजिस्टर खंगाले गए ताकि भविष्य में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें, क्योंकि कई बार स्कूल-कॉलेज के छात्र ऐसे जगहों का गलत इस्तेमाल करते हैं। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि यह केवल शुरुआत है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और नियम उल्लंघन पाए जाने पर संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इसके अलावा, जो लोग ऐसे स्थान किराये पर देते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।