बीजेपी के श्रम मंत्री ने माना कि उनके विभाग में 13 जिलों में 1500 करोड़ का हुआ है घोटाला: अदित्य देवीलाल
इनेलो ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर श्रम विभाग में 1500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। खुशी नर्सिंग कॉलेज और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।
- बीजेपी श्रम मंत्री ने 13 जिलों में 1500 करोड़ के घोटाले की मानी बात
- इनेलो ने उच्चस्तरीय जांच और FIR दर्ज करने की मांग उठाई
- खुशी नर्सिंग कॉलेज मामले में कांग्रेस-बीजेपी की मिलीभगत का आरोप
इंडियन नेशनल लोकदल ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि खुद बीजेपी के श्रम मंत्री अनिल विज ने स्वीकार किया है कि उनके विभाग में 13 जिलों में करीब 1500 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में साल के अंतिम दिन आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।
आदित्य देवीलाल ने कहा कि श्रम विभाग पहले मुख्यमंत्री के पास था और अब खुद मंत्री घोटाले की बात स्वीकार कर रहे हैं। ऐसे में मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मंत्री यह कह रहे हैं कि अफसर नहीं सुनते और हफ्ता लेते हैं तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियां काम का आकलन ज्यादा दिखाती हैं जबकि प्राइवेट एजेंसियां 30 से 40 प्रतिशत कम लागत बताती हैं। इसके बावजूद घोटालों पर न तो FIR होती है और न ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई।
इनेलो विधायक ने कहा कि सड़कों, गलियों और इमारतों की हालत सबके सामने है। निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़कों में गड्ढे और इमारतों में दरारें आ जाती हैं। सरकार सिर्फ कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करती है लेकिन बैकडोर एंट्री से वही ठेकेदार दोबारा काम पा लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ता में आते ही घोटालों के रास्ते तलाशने लगी थी।
एचकेआरएन को लेकर भी सरकार पर हमला बोला गया। आदित्य देवीलाल ने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को एचकेआरएन के जरिए लॉलीपॉप दिया जा रहा है। कई युवाओं को नौकरी मिलने के बाद निकाल दिया गया, जिससे वे दोबारा बेरोजगार हो गए। कृषि विभाग में गैर विषय विशेषज्ञों को एडीओ बनाए जाने का मामला भी उठाया गया, जिसे बाद में हाईकोर्ट ने पलट दिया।
अर्जुन चौटाला ने कानून व्यवस्था को प्रदेश का सबसे बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में रोज हत्याएं और अपहरण हो रहे हैं। डीजीपी ने रिटायरमेंट लेटर में खुद माना कि ड्रग्स और आर्म्स एक्ट के मामले सबसे ज्यादा बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार न मिलने के कारण युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं।
खुशी नर्सिंग कॉलेज मामले को लेकर अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदेश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा पूरी तरह फेल हो चुका है। न्याय की मांग कर रही छात्राओं पर लाठियां बरसाई गईं लेकिन कॉलेज संचालक की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया में कॉलेज के साझीदार के कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है, जिससे साफ है कि कांग्रेस और बीजेपी एक-दूसरे को बचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 3.17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है जो जल्द ही 3.51 लाख करोड़ तक पहुंच जाएगा। पुलिस विभाग में 25 हजार से ज्यादा पद खाली हैं। किसानों को डीएपी नहीं मिल रहा और डेंगू से मौतों के आंकड़े छिपाए जा रहे हैं। इनेलो नेताओं ने कहा कि हरियाणा की जनता त्राहिमाम कर रही है और सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
Akhil Mahajan