महंगाई पर इनेलो का हल्ला बोल, हरियाणा में विधायक अर्जुन चौटाला की पुलिस से तीखी बहस

महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ इनेलो के प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के दौरान रोहतक में अर्जुन चौटाला और पुलिस के बीच विवाद तथा सोनीपत में धक्का-मुक्की देखने को मिली।

महंगाई पर इनेलो का हल्ला बोल, हरियाणा में विधायक अर्जुन चौटाला की पुलिस से तीखी बहस

महंगाई के खिलाफ इनेलो के प्रदेशभर में प्रदर्शन, कई जिलों में जोरदार विरोध

रोहतक में विधायक अर्जुन चौटाला और पुलिस के बीच तीखी बहस, वीडियो वायरल

सोनीपत में कार्यकर्ताओं ने सचिवालय का गेट खोलकर किया प्रवेश, पुलिस से धक्का-मुक्की

रोहतक में एसपी राजपुरोहित से होती विधायक अर्जुन चौटाला की बहस। - Dainik Bhaskar

हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे।

रोहतक में प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक अर्जुन चौटाला ने किया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद करीब 15 मिनट तक विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस चलती रही। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और डीसी से मिलने की मांग की।

रोहतक में विधायक अर्जुन चौटाला और इनेलो कार्यकर्ताओं को रोकती पुलिस।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब डीसी ज्ञापन लेने मौके पर नहीं पहुंचे। हंगामा बढ़ने पर डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और एसपी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान कथित तौर पर अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

इसके बाद विधायक अर्जुन चौटाला दोपहर में दोबारा डीसी से मिलने के लिए ऊपर जाने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को आगे लगाया गया।

डीसी से मुलाकात नहीं होने पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। विधायक अर्जुन चौटाला भी समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच ट्रैक्टर खड़ा कर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया।

रोड पर बैठकर जाम लगाते हुए इनेलो कार्यकर्ता।

सोनीपत में भी इनेलो का प्रदर्शन उग्र रूप लेता नजर आया। कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर मिनी सचिवालय पहुंचे। बैलगाड़ी पर महंगाई विरोधी पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। प्रदर्शनकारी रास्ते भर सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।

मिनी सचिवालय पहुंचने पर गेट बंद मिला। कार्यकर्ताओं ने डीसी को ज्ञापन देने की मांग की, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट को धक्का देना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में गेट खुल गया और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए परिसर के अंदर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

इनेलो के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनावश्यक रूप से रोककर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया।

कैथल में भी इनेलो कार्यकर्ताओं और महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पिहोवा चौक पर महंगाई के विरोध में मटके फोड़े गए और पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने किया।

सोनीपत में कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर मिनी सचिवालय पहुंचे। बैलगाड़ी पर महंगाई विरोधी पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।

कुरुक्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पहुंचकर डीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पहले जानकारी दी गई थी कि इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला प्रदर्शन में शामिल होंगे, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश महासचिव बूटा सिंह और जिलाध्यक्ष जयपाल चढ़ूनी ने नेतृत्व संभाला।

प्रदेश के अन्य जिलों हिसार, पानीपत, झज्जर, फरीदाबाद, करनाल, नूंह, नारनौल, भिवानी और यमुनानगर में भी इनेलो कार्यकर्ताओं ने महंगाई और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपे।