हिसार के जन्नत बार में सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी
हिसार के पीएलए मार्केट स्थित जन्नत बार में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच भीषण आग लग गई। शराब की बोतलें, फर्नीचर और एसी जल गए। फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में आग पर काबू पाया।
➤ हिसार के जन्नत बार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
➤ शराब की बोतलों और फर्नीचर ने आग को तेजी से फैलाया
➤ फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
हिसार के पीएलए मार्केट स्थित जन्नत बार में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और देखते ही देखते पूरे बार में फैल गई। बार के अंदर रखा शराब का स्टॉक, फर्नीचर, एसी और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। शराब की बोतलों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे बार के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बार चारों तरफ से बंद होने के कारण आग बाहर की दुकानों तक नहीं फैल सकी। हालांकि यदि आग को हवा मिल जाती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे कर्मचारी
घटना के समय बार की दूसरी मंजिल पर कुछ कर्मचारी सो रहे थे। राहत की बात यह रही कि आग ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंची और सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया।
मालिक ने बताई आग लगने की वजह
बार के मालिक अमित ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह आसपास के लोगों ने बार से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
शीशे तोड़कर अंदर पहुंची फायर ब्रिगेड
लीडिंग फायरमैन सज्जन कुमार लांबा ने बताया कि सुबह करीब 8:55 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम लगभग 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। बार पूरी तरह बंद था, इसलिए दमकल कर्मियों को अंदर जाने के लिए शीशे तोड़ने पड़े। इसके बाद आग पर काबू पाया गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया।
Akhil Mahajan