दिल्ली ब्लास्ट के अगले दिन पाकिस्तान में धमाका, मची दहशत, 12 की मौत, 20 घायल
इस्लामाबाद में जिला न्यायिक परिसर के बाहर कार में धमाका, 12 की मौत और 20 घायल। दिल्ली ब्लास्ट के अगले दिन पाकिस्तान की राजधानी में दहशत, जांच में आतंकी साजिश की आशंका।
➤ दिल्ली धमाके के अगले ही दिन इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर कार ब्लास्ट, 12 की मौत
➤ विस्फोट में 20 से ज्यादा लोग घायल, अदालत परिसर में मची अफरा-तफरी
➤ एक दिन पहले सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला नाकाम किया था
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद मंगलवार दोपहर एक भारी विस्फोट से दहल गई। यह धमाका जे-11 इलाके के जिला न्यायिक परिसर (District Judicial Complex) के बाहर खड़ी एक कार में हुआ। धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह घटना दिल्ली में सोमवार को हुए कार ब्लास्ट के ठीक अगले दिन हुई है, जिससे दोनों देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता और सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब अदालत में कामकाज अपने चरम पर था।
धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे न्यायिक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों के अनुसार, विस्फोट इतना जोरदार था कि पास खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। वकील, ड्राइवर और राहगीर इसकी चपेट में आए। घायलों में ज्यादातर अदालत के कर्मचारी और अधिवक्ता बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह गैस सिलेंडर का विस्फोट था या आतंकी हमला। सुरक्षा एजेंसियां दोनों पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाला शहर में एक सैन्य कॉलेज पर आतंकी हमले को नाकाम किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, छह आतंकियों के समूह ने वहां हमला करने की कोशिश की थी, जिसमें एक हमलावर मारा गया और बाकी फरार हो गए।
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का समन्वय या प्रतिक्रिया संबंध हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या दिल्ली और इस्लामाबाद के धमाकों के बीच कोई अंतरराष्ट्रीय आतंकी कनेक्शन है।
Author1