हरियाणा पुलिस की बड़ी कामयाबी: कुख्यात गैंगस्टर धौला खटकड़ रिमांड पर
जींद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर धौला खटकड़ को भोंडसी जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लाकर अदालत में पेश किया। धौला पर 11 हत्याओं सहित फिरौती और फायरिंग की वारदातों का आरोप है। अब पुलिस रिमांड में उससे गैंग नेटवर्क और फंडिंग की जानकारी जुटाई जा रही है।
➤ जींद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर धौला खटकड़ को रिमांड पर लिया
➤ धौला पर 11 हत्याओं सहित कई बड़ी वारदातों का आरोप
➤ जेल में बैठकर भी गैंग चलाने और फिरौती व फायरिंग की वारदातों में संलिप्तता
जींद पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी जब कुख्यात गैंगस्टर धौला खटकड़ को भोंडसी जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लाकर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन यानी 5 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। धौला खटकड़ हरियाणा का कुख्यात अपराधी माना जाता है, जिस पर अब तक करीब 11 हत्याओं के मामले दर्ज हैं।
धौला वही गैंगस्टर है जिसने वर्ष 2023 में खटकड़ टोल प्लाजा पर मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह जेल में रहते हुए भी अपने गैंग को चला रहा था और उसके इशारे पर कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया गया।
27 मई को धौला गैंग ने महज एक घंटे के अंदर चार घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें उचाना मंडी और बरसोला में 50-50 लाख की फिरौती मांगना, टोल पर फायरिंग और धमकी भरे व्हाट्सएप कॉल शामिल थे। पैसे न मिलने पर गैंग ने खुलेआम गोलियां बरसाईं और लोगों में खौफ पैदा किया।
इससे पहले भी जींद पुलिस धौला गैंग के कई गुर्गों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ महीने पहले टेंडरी मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने गैंग के दो शार्प शूटरों को दबोचा था। अब धौला खटकड़ के पुलिस रिमांड में आने के बाद उससे पूछताछ जारी है, ताकि गैंग के बाकी नेटवर्क, फंडिंग और अपराधी गठजोड़ का खुलासा किया जा सके।
हालांकि अभी सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या धौला गैंग का खौफ अब खत्म हो पाएगा, या फिर जेल में रहते हुए भी वह अपने नेटवर्क के जरिए वारदातों को अंजाम देता रहेगा।