हरियाणा में यात्रियों से भरी बस पर गुंडों का हमला, शीशे टूटे, लोग दहशत में
हरियाणा के जींद में चंडीगढ़ जा रही रोडवेज बस पर कार सवार युवकों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। शीशे टूटे, यात्री दहशत में आ गए। कांग्रेस नेत्री पूनम चौहान ने वीडियो बनाकर सरकार पर निशाना साधा।
➤ जींद में रोडवेज बस पर हमला, कार सवारों ने ईंट-पत्थरों से बरसाया कहर
➤ 50 यात्रियों से भरी बस के टूटे शीशे, बड़ा हादसा टला
➤ कांग्रेस नेत्री पूनम चौहान ने बनाई वीडियो, बोलीं- बीजेपी राज में गुंडाराज
हरियाणा के जींद में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जींद से चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस पर कुछ कार सवार युवकों ने हमला कर दिया। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सफेद रंग की टियागो कार में सवार हमलावरों ने पहले बस को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। जब बस चालक ने खतरे को भांपते हुए वाहन नहीं रोका तो युवकों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे बस के शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
हमले के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और बस चालक ने बस की रफ्तार बढ़ाकर कार सवारों से पीछा छुड़ाने की कोशिश की। बावजूद इसके कार सवार युवकों ने कई किलोमीटर तक बस का पीछा किया और लगातार गाली-गलौज करते रहे। पथराव के दौरान पत्थर बस के अंदर तक पहुंचे और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
इस बस में सवार कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में वह कहती दिखीं कि “प्रधानमंत्री जी को इस आतंक में जन्मदिन मुबारक हो, बीजेपी सरकार में गुंडाराज है।” पूनम ने आरोप लगाया कि बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे, इसके बावजूद गुंडों ने हमला किया। वीडियो में दूसरे यात्री भी कहते सुने गए कि बस को थाने ले जाओ क्योंकि कार सवार गालियां दे रहे हैं और बस को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों की कार पर नंबर प्लेट नहीं थी। घटना से पहले बस ड्राइवर की बस स्टैंड पर एक बुजुर्ग से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद ही कार सवारों ने बस का पीछा किया और हमला कर दिया। बस को बाद में सिविल लाइन थाना जींद ले जाया गया और यात्रियों को दूसरी बस से चंडीगढ़ रवाना किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan