हरियाणा में 3 हजार रुपए के विवाद में युवक की हथौड़ा मारकर ह*त्या
कैथल के भाना गांव में 3 हजार रुपए के विवाद के बाद एक युवक की कथित रूप से हथौड़ा मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कैथल के भाना गांव में युवक की सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या
3 हजार रुपए के विवाद में शराब पीते समय हुआ झगड़ा
हत्या के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
कैथल जिले के गांव भाना में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत में काम करने आए करीब 36 वर्षीय युवक की उसके ही साथी ने कथित रूप से हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिहार के शिवहर जिले के करियानी छापरा निवासी कामेश्वर दास अपने दो अन्य साथियों के साथ गांव भाना में गन्ने की रोपाई का काम करने आया हुआ था। तीनों मजदूर किसान कृष्ण के खेत में काम कर रहे थे और रात के समय खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में ही रहते थे।
बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद रात को तीनों साथी शराब पीने बैठे थे। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति खाना बनाने के लिए चला गया, जबकि कामेश्वर दास और उमेश दास वहीं बैठकर शराब पी रहे थे।
इसी दौरान उमेश दास ने आरोप लगाया कि कामेश्वर दास ने उसके तीन हजार रुपए निकाल लिए हैं। पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आए उमेश दास ने पास में पड़ा हथौड़ा उठाया और कामेश्वर दास के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को पूंडरी के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पूंडरी थाना के एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि आरोपी उमेश दास के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja