हरियाणा में दर्दनाक हादसा, रिटायर्ड फौजी की मौके पर मौत

करनाल में तेज रफ्तार क्रूजर की टक्कर से रिटायर्ड फौजी लखविंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

करनाल में तेज रफ्तार क्रूजर ने बाइक को मारी टक्कर, रिटायर्ड फौजी की मौत
टक्कर के बाद 10-15 फुट उछलकर सड़क पर गिरा, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर फरार, पुलिस तलाश में जुटी


हरियाणा के करनाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी लखविंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना शहर के ढांड रोड की है, जहां एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लखविंद्र सिंह करीब 10 से 15 फुट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।मृतक की पहचान 46 वर्षीय लखविंद्र सिंह, निवासी सांभी गांव के रूप में हुई है। वह सेना से रिटायर होने के बाद वर्तमान में एसडीएम कार्यालय नीलोखेड़ी में सेवादार के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार वह सोमवार सुबह अपनी बाइक से करनाल आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।पोस्टमॉटम के बाद शव संस्कार के लिए लेकर जाते परिजन।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए। गंभीर रूप से घायल लखविंद्र सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।हादसे के बाद क्रूजर गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में शव को लेकर आए परिजन।

परिजनों के अनुसार लखविंद्र सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया है। गांव और आसपास के इलाके में भी इस घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।