हरियाणा के नामी व्यापारी पर नौकरानी के साथ दुष्कर्म का आरोप, बोला- ये हनीट्रैप
हरियाणा के करनाल में नामी बिजनेसमैन अमित गुप्ता पर प्रवासी नौकरानी ने रेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मेडिकल सैंपल एफएसएल भेजे हैं। आरोपी ने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए खुद को फंसाने की बात कही है।
➤ करनाल के नामी बिजनेसमैन अमित गुप्ता पर नौकरानी से रेप का केस दर्ज
➤ महिला ने धमकी और पैसों का लालच दिए जाने के गंभीर आरोप लगाए
➤ पुलिस ने मेडिकल के बाद मामला दर्ज किया, जांच रिपोर्ट एफएसएल में भेजी
हरियाणा के करनाल से एक बड़े बिजनेसमैन पर रेप का गंभीर आरोप सामने आया है। मॉडल टाउन निवासी और उद्योगपति अमित गुप्ता पर उनके घर में काम करने वाली प्रवासी नौकरानी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मेडिकल करवा कर सैंपल मधुबन एफएसएल भेजे हैं।
पीड़िता झारखंड की रहने वाली है और एजेंसी के जरिए कुछ समय पहले करनाल आई थी। उसे 5 अगस्त को अमित गुप्ता के घर काम मिला। महिला का आरोप है कि तीसरे ही दिन आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की, हालांकि बाद में माफी मांगकर मामला शांत किया। लेकिन 14 अगस्त को आरोपी ने चाय का बहाना बनाकर महिला को अपने कमरे में बुलाया, दरवाजा बंद किया और जबरन दुष्कर्म किया।
महिला का कहना है कि आरोपी ने घटना उजागर करने पर जान से मारने की धमकी दी और 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया। 16 अगस्त को वह घर से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंची, लेकिन उसका आरोप है कि आरोपी के प्रभाव के चलते पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। आखिरकार 22 अगस्त को महिला पुलिस चौकी मॉडल टाउन में उसकी शिकायत पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने अमित गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 और धारा 351 के तहत मामला दर्ज किया है। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज एसआई गीता के अनुसार महिला का मेडिकल करवा लिया गया है और सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि अमित गुप्ता एक बड़े कारोबारी हैं और राजनीतिक व कारोबारी हलकों में सक्रिय रहे हैं। वह हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं और केंद्रीय मंत्री व पूर्व सीएम मनोहर लाल के करीबी बताए जाते हैं। यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी उन्हें जन्मदिन की बधाई मेल आई थी।
हालांकि, अमित गुप्ता ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश की जा रही है और इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।