आरोप: नर्स खाना खाने चली गई और प्रसव के दौरान नवजात सफाई कर्मी को पकड़ा दिया, मासूम की मौत
करनाल के नागरिक अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया कि वह खाना खाने चली गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
➤करनाल नागरिक अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत
➤परिजनों ने नर्स पर गंभीर लापरवाही का लगाया आरोप
➤पुलिस जांच में जुटी, अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल
करनाल के नागरिक अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात बच्चे की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल की स्टाफ नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि जब प्रसूता को तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी, उस समय ड्यूटी पर मौजूद नर्स खाना खाने चली गई, और इस दौरान सफाई कर्मचारी ने नवजात को पकड़ा।
परिजनों ने कहा कि अगर समय पर डॉक्टर और नर्स मौजूद होतीं, तो बच्चे की जान बच सकती थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कुंजपुरा निवासी गुरसेवक की पत्नी पिंकी को 12 अक्तूबर की शाम लेबर पेन होने पर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिंकी की ननंद सोनिया ने बताया कि उन्होंने नर्स को कई बार बताया कि महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है, लेकिन नर्स ने कहा—“अभी दर्द और बढ़ने दो।” इसी देरी में कीमती समय निकल गया।
जब प्रसूता को तेज दर्द हुआ, तब उसे लेबर रूम में ले जाया गया, लेकिन वहां पहले से एक और महिला की डिलीवरी चल रही थी। उस मरीज की डिलीवरी के बाद नर्स ने कहा कि अब वह खाना खाकर आएगी, फिर दूसरी डिलीवरी करेगी। इस बीच प्रसूता को असहनीय दर्द हुआ और बच्चा बाहर आने लगा।
गुरसेवक का आरोप है कि लेबर रूम में मौजूद सफाई कर्मचारी ने ही बच्चे को पकड़ा और नर्स को कई बार आवाज दी, पर नर्स नहीं आई। बाद में बच्चे की बुआ सोनिया बाहर भागकर नर्स को बुलाने गई, लेकिन जब तक वह लौटी, बच्चे की हालत बिगड़ चुकी थी।
गुरसेवक ने बताया कि डिलीवरी नॉर्मल थी, फिर भी नर्स ने अनावश्यक रूप से सात टांके लगाए, जबकि उसकी पत्नी मना करती रही। उनका कहना है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही ने उनके घर की खुशियाँ छीन लीं।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि नवजात की मौत हुई है और लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने भी रोष जताया और कहा कि यह पहली बार नहीं है जब करनाल नागरिक अस्पताल से ऐसी लापरवाही की शिकायतें आई हैं। लोगों की मांग है कि दोषी नर्स और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
Author1