शादी में डांस कर रहे युवक की बेरहमी से ह*त्या
करनाल के ढाकवाला गुजरान गांव में शादी के दौरान डीजे पर नाच रहे युवक की चाकू से हत्या कर दी गई। सीसीटीवी में वारदात कैद, पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया।
➤ शादी समारोह में डांस कर रहे युवक की चाकू मारकर हत्या
➤ सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, आरोपी गिरफ्तार
➤ पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू को गांव से किया काबू
हरियाणा के करनाल जिले के गांव ढाकवाला गुजरान में एक शादी समारोह खुशियों से मातम में बदल गया जब डीजे पर नाच रहे 18 वर्षीय युवक आदित्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार देर रात करीब 12 बजे की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने बहाने से आदित्य को डीजे से बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उस पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य को परिजन और ग्रामीण कल्पना चावला सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें दो युवक आदित्य को अपने साथ लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं और फिर कुछ देर बाद उस पर चाकुओं से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
मृतक के पिता मनोज कुमार पुत्र ओम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे की हत्या सोनू पुत्र राजिंद्र, अजय पुत्र चंद्रपाल और उनके साथियों ने साजिशन की है। परिवार का आरोप है कि इन युवकों ने उसे झांसे से बुलाया और जानबूझकर हमला किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू निवासी गांव ढाकवाला गुजरान को गांव से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रबंधक निरीक्षक तरसेम चंद्र ने बताया कि आरोपी को विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर काबू किया गया है। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस ने इस घटना में धारा 190, 191(3), 103(1), 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। एसएचओ तरसेम चंद, एएसआई संदीप कुमार, एएसआई विजय कुमार व पीएसआई तरसेम चंद की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए।
शादी समारोह के टेंट के बाहर अब मातम पसरा हुआ है। परिवारजन और ग्रामीणों में गुस्सा है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
Author1