हरियाणा की सियासत में गर्माहट! कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अमित शाह से की मुलाकात
हरियाणा कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पवार ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होगा। मुआवजा सुधार पर भी मंत्री पवार ने बात की।
➤ गृह मंत्री अमित शाह से कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पवार ने की महत्वपूर्ण मुलाकात
➤ सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू, ग्रामशाला, खेत, सड़क उद्घाटन होंगे
➤ मंत्री पवार बोले – मुआवजा अब कांग्रेस शासन से कहीं बेहतर दिया जा रहा है
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पवार ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीतिक हालात सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की और मार्गदर्शन लिया। मंत्री पवार ने बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी की मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता हैं और संगठन हर पटल पर पूरी तरह मौजूद है।
कृष्णलाल पवार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से सेवा पखवाड़ा का कार्यक्रम शुरू होगा। यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। योजना के तहत नए ग्रामशाला भवन, खेत खलियान और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि नायब सिंह सैनी जी ने सभी विभागों को अलग-अलग काम सौंपे हैं ताकि बेहतर तरीके से कार्य हो सके।
कृष्णलाल पवार ने मुआवजे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को केवल ढाई से पांच रुपये तक के चेक मिलते थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में भी मुआवजा बहुत कम था। लेकिन 2014 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में इसे बढ़ाया गया। मंत्री पवार ने स्पष्ट किया कि अब किसानों को पूर्व से कहीं अधिक मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।
अनिल विज को लेकर भी मंत्री पवार ने कहा कि अनिल विज भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने पार्टी की मजबूती पर विश्वास व्यक्त किया और कहा कि संगठन पूरे देश में प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है।