कुरुक्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, अग्निवीर जवान और बहन की मौत शादी से लौटते समय कार पेड़ से टकराई, 13 वर्षीय भतीजा गंभीर

कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा-यमुनानगर हाईवे पर कार के पेड़ से टकराने से 22 वर्षीय अग्निवीर जवान और उसकी 11 साल की चचेरी बहन की मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुरुक्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, अग्निवीर जवान और बहन की मौत  शादी से लौटते समय कार पेड़ से टकराई, 13 वर्षीय भतीजा गंभीर

कुरुक्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार में अग्निवीर जवान और बहन की मौत
शादी से लौटते समय हुआ हादसा, 13 वर्षीय भतीजा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
छुट्टी पर घर आया था अग्निवीर आर्यन, भात भरने की तैयारी के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा-यमुनानगर हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय अग्निवीर जवान और उसकी 11 वर्षीय चचेरी बहन की मौत हो गई। हादसे में उनका 13 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूटकर करीब 10 फुट दूर जाकर गिर गया, जबकि कार सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खेत में पलट गई।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आर्यन शर्मा और उसकी चचेरी बहन कनिका शर्मा निवासी बड़ौदा गांव के रूप में हुई है। आर्यन सेना की अग्निवीर योजना के तहत करीब दो साल पहले भर्ती हुआ था और हाल ही में छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक आर्यन अपनी बहन कनिका और 13 वर्षीय भतीजे अभि के साथ कार में लाडवा किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 8 बजे तीनों शादी से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी कार लाठी-धनौरा और जैनपुर जाटान गांव के बीच हाईवे पर पहुंची, तभी एक ब्रेजा कार (HR75D-6975) ने उनकी कार को साइड मार दी।इस टक्कर के बाद आर्यन की कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई और जोरदार झटके के साथ पास के खेत में पलट गई। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।

भाई के सामने हुआ हादसा

यह हादसा आर्यन के चचेरे भाई अंकुश शर्मा के सामने ही हुआ, जो अपनी कार में उनके पीछे रहा था। हादसा होते ही अंकुश ने तुरंत अपनी कार रोकी और कार में फंसे तीनों को बाहर निकालने की कोशिश की। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।ग्रामीणों और अंकुश की मदद से तीनों घायलों को तुरंत लाडवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आर्यन और कनिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि 13 वर्षीय अभि की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

फिलहाल अभि का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही थाना लाडवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। SHO गुरनाम सिंह के अनुसार मृतक भाई-बहन के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसका पोस्टमॉर्टम आज करवाया जाएगा। पुलिस ने आर्यन के भाई अंकुश के बयान के आधार पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।हादसे में घायल अभि के माता-पिता जोनी और उनकी पत्नी ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। अभि फिलहाल भारत में अपने चाचा के पास रह रहा था। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया है।

बताया जा रहा है कि अग्निवीर जवान आर्यन सिक्किम बॉर्डर से करीब 5 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया थाउसे अपनी बुआ के घर भात भरने की रस्म निभानी थी और परिवार इस समारोह की तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।

उधर 11 वर्षीय कनिका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक है।