जर्मनी से डिपोर्ट बदमाश का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
कुरुक्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंबाला कार लूटकांड का आरोपी विशाल घायल हुआ। जर्मनी से डिपोर्ट हुए विशाल समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
जर्मनी से डिपोर्ट हुआ बदमाश विशाल पुलिस एनकाउंटर में घायल
अंबाला कार लूटकांड के दो आरोपी कुरुक्षेत्र में गिरफ्तार
बदमाशों की फायरिंग में पुलिस वाहन को लगी गोली, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में शुक्रवार सुबह CIA-2 टीम और कार लूट मामले में फरार चल रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पिहोवा रोड स्थित मुर्तजापुर गांव के पास हुई इस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान बीड़ अमीन निवासी 24 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान कैथल के किठाणा गांव निवासी लविश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल करीब 10 से 15 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। डिपोर्ट होने के बाद वह अपने घर भी नहीं गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल और लविश अपने दो अन्य साथियों के साथ 12 जून को अंबाला में टैक्सी चालक से होंडा सिटी कार लूटने के मामले में वांछित थे। CIA-2 को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी पिहोवा क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने मुर्तजापुर गांव के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की योजना बनाई।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी में जा लगी, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी के बेहद करीब से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें विशाल के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी लविश मौके पर ही दबोच लिया गया।
कार लूट की वारदात 12 जून की रात की है। अंबाला के महावीर नगर निवासी टैक्सी चालक मंजीत कुमार ने पुलिस को बताया था कि चार युवकों ने टैक्सी स्टैंड से उसकी होंडा सिटी कार कैथल जाने के लिए बुक की थी। रात करीब 9:40 बजे अरुणाय कट के पास आरोपियों ने पेशाब का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई।
जैसे ही वाहन रुका, आगे बैठे एक युवक ने चालक की कनपटी पर देसी कट्टा तान दिया और उसे नीचे उतरने को कहा। चालक के नीचे उतरते ही पीछे बैठे युवक ने ड्राइविंग सीट संभाल ली। इसके बाद चारों आरोपी चालक को धमकाते हुए कार और उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि विशाल और लविश की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लूटी गई कार का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक वारदात में तो नहीं किया गया।
पुलिस विशाल के आपराधिक रिकॉर्ड, जर्मनी से उसके डिपोर्ट होने के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
pooja