हरियाणा में पूर्व मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी, प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में जमीन विवाद में प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने के मामले में पूर्व मंत्री के बेटे गगनजोत संधू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
■ कुरुक्षेत्र में पूर्व मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
■ पंजाब के प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने का आरोप
■ वारदात में इस्तेमाल 12 बोर बंदूक बरामद
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गोलीकांड के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कृषि मंत्री के बेटे गगनजोत संधू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 12 बोर बंदूक भी बरामद की गई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पिहोवा थाना क्षेत्र का है, जहां पंजाब के पटियाला निवासी प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह उर्फ सन्नी को गोली मारी गई थी। घायल संदीप को तुरंत पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित संदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के पास करीब एक एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई है। इस जमीन पर वह अपने NGO ‘उदय वेलफेयर सोसायटी’ का दफ्तर बनवा रहा था।
घटना 29 मार्च की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। संदीप के मुताबिक, वह अपने भाई के साथ निर्माण कार्य करवा रहा था, तभी गगनजोत संधू बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल की निशानदेही करवाई और मौके से खोखा (कारतूस का खोल) भी बरामद किया है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
वहीं, आरोपी गगनजोत संधू ने भी अपनी ओर से पुलिस को शिकायत दी है। उसने आरोप लगाया कि संदीप सिंह ने उसके खेत में करीब 25 फुट तक दीवार बना दी थी। उसने जमीन के मालिक हरकीरत सिंह को इसकी जानकारी दी और निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की, लेकिन उसकी गैर-मौजूदगी में दीवार खड़ी कर दी गई।
पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को ही इस गोलीकांड की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Akhil Mahajan