हरियाणा के 3 युवक उज्बेकिस्तान में किडनैप, 45 लाख देकर छुड़वाए स्पेन भेजने का झांसा

कुरुक्षेत्र के तीन युवकों को स्पेन भेजने के नाम पर उज्बेकिस्तान में किडनैप कर लिया गया। परिवार से 45 लाख रुपये की फिरौती लेने के बाद उन्हें छोड़ा गया।

हरियाणा  के 3 युवक उज्बेकिस्तान में किडनैप, 45 लाख देकर छुड़वाए स्पेन भेजने का झांसा

स्पेन भेजने के नाम पर 3 युवकों को उज्बेकिस्तान में किडनैप किया गया
हाथ-पांव बांधकर टॉर्चर, वीडियो कॉल पर परिवार से 45 लाख की फिरौती वसूली
एजेंट समेत 4 आरोपियों पर केस दर्ज, पैसे लौटाने से किया इनकार


हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्पेन भेजने का सपना दिखाकर तीन युवकों को उज्बेकिस्तान में किडनैप करवा दिया गया। वहां उन्हें तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया, हाथ-पांव बांधकर टॉर्चर किया गया और परिवार से 45 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद ही छोड़ा गया। इस पूरे घटनाक्रम ने विदेश भेजने के नाम पर हो रही ठगी और मानव तस्करी के खतरनाक नेटवर्क को उजागर कर दिया है।

पीड़ित युवकों की पहचान मोहन लाल, बहादुर सिंह और मनदीप के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र जिले के रहने वाले हैं। उनके परिजनों के अनुसार, आरोपी एजेंट प्रेम सैनी, उसकी पत्नी अनीता रानी और उनके साथी अकरम खान व अली ने तीनों को स्पेन भेजने का झांसा दिया था। इसके लिए प्रति युवक 15 लाख रुपये की डील तय हुई थी, जिसमें 2-2 लाख रुपये एडवांस लिए गए थे।जनवरी 2026 में एजेंट ने पासपोर्ट लेकर प्रक्रिया शुरू की और बाद में कहा कि सीधे स्पेन जाना संभव नहीं है। इसलिए पहले उज्बेकिस्तान, फिर अजरबैजान और उसके बाद स्पेन भेजने का प्लान बताया गया। 9 फरवरी को उज्बेकिस्तान का वीजा दिलवाया गया और 16 फरवरी को तीनों युवकों को फ्लाइट से भेज दिया गया।प्रतीकात्मक फोटो।

दिल्ली के महिपालपुर होटल में एजेंट के साथियों ने युवकों के दस्तावेज चेक किए और भरोसा दिलाया कि वहां उनके लोग मौजूद हैं, जो उन्हें रिसीव करेंगे। 16 फरवरी को शाम 4 बजे उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर अकबर खान और दानिश खान नाम के दो लोग आए, जिन्होंने एजेंट का नाम लेकर तीनों को अपने साथ ले लिया।इसके बाद असली खेल शुरू हुआ। 18 फरवरी को परिवार के पास युवकों की वीडियो कॉल आई, जिसमें उनके हाथ-पांव बंधे हुए थे और उनके साथ मारपीट की जा रही थी। एक व्यक्ति बाबा खान ने फोन कर धमकी दी कि उसने इन युवकों को एजेंट से खरीद लिया है और अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।प्रतीकात्मक फोटो।

परिवार को डरा-धमकाकर 45 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। घबराए परिजनों ने एजेंट से संपर्क किया, तो उसने भी पैसे देने की सलाह दी और कहा कि इससे बच्चों को छुड़वा लिया जाएगा। 20 फरवरी को परिवार ने आरोपियों को 45 लाख रुपये दे दिए। इसके अगले ही दिन युवकों को छोड़ दिया गया।परिवार ने तुरंत उनकी टिकट करवाई और तीनों युवक सुरक्षित भारत लौट आए। जब परिवार ने एजेंट से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।पुलिस ने थाना कृष्णा गेट में एजेंट प्रेम सैनी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला न केवल ठगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानव तस्करी और संगठित अपराध की ओर भी इशारा करता है।