इंजेक्शन के बाद डेढ़ साल के मासूम की मौ*त, क्लीनिक संचालक पर आरोप
कुरुक्षेत्र में डेढ़ साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र में इंजेक्शन लगने के बाद डेढ़ साल के मासूम की मौत
परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि कॉलोनी के एक क्लीनिक में इंजेक्शन लगाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्चे की पहचान दैविक के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता गुरदीप सिंह रेलवे रोड पर इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं।
मृतक के दादा कर्मचंद के अनुसार 15 जून की शाम वह अपने पोते को घुटने में हुए फोड़े के इलाज के लिए कॉलोनी स्थित एक क्लीनिक में लेकर गए थे। वहां मौजूद क्लीनिक संचालक ने फोड़े का उपचार करने और उससे पहले इंजेक्शन लगाने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ समय बाद ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद क्लीनिक संचालक ने एक और इंजेक्शन लगाया। परिवार का कहना है कि दूसरे इंजेक्शन के बाद बच्चा बेहोश हो गया।
आरोप है कि इसके बाद क्लीनिक संचालक बच्चे और उसके दादा को अपने साथ एक निजी अस्पताल तक लेकर गया, लेकिन अस्पताल के गेट पर छोड़कर वहां से चला गया। बाद में बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार के अनुसार बच्चे का इलाज लगातार तीन अस्पतालों में चला। शुरुआती उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो दिन तक इलाज जारी रहा, लेकिन उसकी हालत में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।
स्थिति गंभीर होने पर 17 जून को बच्चे को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चलता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने क्लीनिक संचालक राकेश कुमार पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी वजह से उनके मासूम बेटे की जान गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja