एडवोकेट के घर हथियारों के बल पर डकैती, दंपती को बनाया बंधक,दंपती को बनाया बंधक, कैश और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश
कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में एडवोकेट बीएस वालिया के घर हथियारबंद बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र में एडवोकेट के घर हथियारों के बल पर डकैती
दंपती को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश
पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर उगलवाई कैश और गहनों की जानकारी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। शहर के सेक्टर-7 स्थित एडवोकेट बीएस वालिया के घर में 3 से 4 नकाबपोश बदमाश हथियारों के बल पर घुस आए। आरोपियों ने पहले घर में मौजूद महिला को बंधक बनाया और बाद में एडवोकेट के लौटने पर उन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार एडवोकेट बीएस वालिया शुक्रवार रात करीब 9 बजे सैर के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बदमाश घर में दाखिल हुए। घर में मौजूद उनकी पत्नी को रिवाल्वर दिखाकर डराया और रस्सियों से बांध दिया, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
कुछ देर बाद जब एडवोकेट बीएस वालिया सैर से लौटे तो बदमाशों ने उन्हें भी बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे कैश और जेवरात के बारे में जानकारी मांगी। दंपती को डराकर बदमाशों ने घर में रखी नकदी और आभूषण समेट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
pooja