तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को मारी जोरदार टक्कर, 10 की मौत
लखीमपुर-खीरी में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर ट्रक और मैजिक वाहन की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
➤ लखीमपुर-खीरी में भीषण सड़क हादसा, 10 लोगों की मौत
➤ तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को मारी जोरदार टक्कर
➤ हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सीटों के बीच फंस गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:30 बजे जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में कई यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आईं। कुछ लोग वाहन के अंदर ही फंस गए, जबकि दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में कुल 2 महिलाओं समेत 10 लोगों की जान चली गई।
खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में 2 महिलाओं और 7 पुरुषों के शव लाए गए थे। सभी की हालत बेहद गंभीर थी। एक घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और इलाके में मातम का माहौल बन गया।
Akhil Mahajan