महम विधायक बलराम दांगी की सुरक्षा बढ़ी, धमकी के बाद 4 कमांडो और तैनात
महम विधायक बलराम दांगी की सुरक्षा फायरिंग और गैंगस्टर की धमकी के बाद बढ़ा दी गई है। पुलिस ने चार कमांडो और तैनात किए हैं।
महम विधायक बलराम दांगी की सुरक्षा बढ़ाई गई, 4 कमांडो और किए गए तैनात
फायरिंग और गैंगस्टर की धमकी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत
विधायक बोले- जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी
रोहतक के महम से विधायक बलराम दांगी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधायक के कार्यालय पर फायरिंग और बाद में गैंगस्टर की ओर से रंगदारी व जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। पहले से तैनात पांच पुलिसकर्मियों के अलावा अब चार कमांडो भी उनकी सुरक्षा में लगाए गए हैं।
विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर 20 जून को बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई थी। इसके बाद विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 21 जून को मुठभेड़ के बाद लाखनमाजरा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद खैरेंटी गांव के दूसरे आरोपी को भी मुठभेड़ के बाद काबू किया गया। वहीं, वारदात से पहले रैकी करने वाले आरोपी को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
बलराम दांगी का कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है। उन्होंने बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर ने व्हाट्सएप पर धमकी देकर रंगदारी मांगी है। पहले उनके कार्यालय पर फायरिंग हो चुकी है। ऐसे में उन्होंने पूरे मामले की जानकारी डीजीपी को भी दी है।
विधायक ने कहा कि यदि एक जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है तो प्रदेश में आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना है कि सरकार को गैंगस्टरों के खिलाफ और सख्त कदम उठाने चाहिए।
कार्यालय पर फायरिंग की घटना के बाद बलराम दांगी प्रदेश के 11 विधायकों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मिले थे। इस दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया था। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी को विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा और बढ़ा दी गई।
विधायक बलराम दांगी ने कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। आए दिन लोगों को धमकियां दी जा रही हैं और हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि सरकार को गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कानून बनाकर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
pooja