शीलू बल्हारा केस: तेरहवीं तक कार्रवाई पर रोक, आज आएगी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट
रोहतक में कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान सुसाइड केस में पंचायत ने तेरहवीं तक पिता पर कार्रवाई टालने का फैसला लिया। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर जांच की दिशा निर्भर करेगी।
- कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा के पिता को तेरहवीं तक कार्रवाई से राहत
- दहेज प्रताड़ना केस में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आज पुलिस को मिलने की संभावना
- शीलू, भाई और परिवार पर FIR दर्ज, मायका पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ा
रोहतक में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान (23) के सुसाइड मामले में रविवार को पूरे दिन दोनों पक्षों के बीच पंचायतों का दौर चलता रहा। देर रात गांव फरमाना में हुई पंचायत में यह सहमति बनी कि मुस्कान की तेरहवीं तक शीलू के पिता सुरेंद्र बल्हारा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, मुस्कान का मायका पक्ष शीलू और उसके भाई मनीष के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर कायम रहा।
शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह और शीलू बल्हारा के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई। इसके बाद पुलिस ने शीलू, उसके भाई मनीष और पिता सुरेंद्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मुस्कान ने 31 जुलाई की शाम कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मायका पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। फिलहाल पंचायत में बनी सहमति के कारण पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई रोक रखी है।
गांव बहुअकबरपुर की पंचायत ने मुस्कान के मायका पक्ष से आग्रह किया था कि शीलू के परिवार को कम से कम तेरहवीं तक का समय दिया जाए। पंचायत का तर्क था कि परिवार में अन्य कोई सदस्य नहीं है, इसलिए इस अवधि तक कार्रवाई टाल दी जाए। कई दौर की बातचीत और ग्रामीणों के समझाने के बाद दोनों पक्ष इस बिंदु पर सहमत हुए।
अब पूरे मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को बेहद अहम माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि रिपोर्ट सोमवार को मिल जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि मुस्कान के शरीर पर मिले चोटों के निशान सामान्य थे या किसी मारपीट से जुड़े थे। इससे जांच की दिशा और कानूनी कार्रवाई पर बड़ा असर पड़ सकता है।
मुस्कान को फंदे से उतारने के बाद मायका पक्ष की महिलाओं ने एक वीडियो भी बनाया था। वीडियो में उन्होंने मृतका के शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। यदि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इन चोटों की पुष्टि होती है तो मामला और गंभीर हो सकता है।
बहुअकबरपुर थाना के एसएचओ जसबीर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पंचायत के निर्णय और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने शीलू बल्हारा, उसके पिता सुरेंद्र, मां निशा और भाई मनीष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। शिकायत में शीलू पर अन्य युवतियों से संबंध होने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
pooja