स्टेज पर फूटा मासूम का गुस्सा, सीएम के जाते ही LIVE शो में दी गालियां, मचा बवाल, फिर दी सफाई
देहरादून में लाइव शो के दौरान सिंगर मासूम शर्मा ने मंच से गालियां दीं। गैंगस्टर धमकी का दावा करते हुए उन्होंने बाद में वीडियो जारी कर माफी भी मांगी।
➤ देहरादून शो में मंच से भड़के मासूम शर्मा, गालियों का VIDEO वायरल
➤ CM धामी की मौजूदगी के बाद बदला माहौल, जाने के बाद दिखा गुस्सा
➤ गैंगस्टर की धमकी का दावा, माफी मांगकर दी सफाई
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। शनिवार को देहरादून के DAV कॉलेज में आयोजित लाइव शो के दौरान उन्होंने मंच से गालियां दे दीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। उन्होंने स्टेज पर आकर मासूम शर्मा का हाथ उठाकर उनका स्वागत किया। हालांकि, मुख्यमंत्री के जाने के बाद माहौल अचानक बदल गया और मासूम शर्मा मंच से भड़क उठे।
लाइव शो के दौरान मासूम शर्मा ने कहा कि एक बदमाश उन्हें मारने के इरादे से आया था। उन्होंने मंच से ही उसे चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो हरियाणा छोड़कर देहरादून आकर सामना करे। इस दौरान उन्होंने गुस्से में कई आपत्तिजनक शब्द भी कहे, जिससे दर्शकों में हलचल मच गई।
विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले दिन से देहरादून में एक होटल में रुके हुए थे और वहीं एक संदिग्ध व्यक्ति बार-बार चक्कर काट रहा था। उनकी टीम ने भी उन्हें इस बारे में आगाह किया था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
मासूम ने आगे बताया कि बाद में उनके चाचा के बेटे को अमेरिका से फोन आया, जिसमें उस बदमाश ने उल्टा-सीधा बोला। इस घटना के बाद वह और उनकी टीम पूरी रात तनाव में रहे। उन्होंने उस व्यक्ति को फोन करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसी तनाव और गुस्से का असर मंच पर दिखाई दिया।
सिंगर ने कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने उस कथित बदमाश की पहचान सार्वजनिक नहीं की।
वहीं, मासूम शर्मा के भाई विकास ब्राह्मणवास ने दावा किया कि एक गैंगस्टर उन्हें लगातार परेशान कर रहा है और कुछ हथियारबंद लोग देहरादून तक पहुंच गए थे। बताया गया कि सिंगर एक फाइव स्टार होटल में रुके हुए थे, जहां संदिग्ध लोगों को एंट्री नहीं मिली।
यह पहली बार नहीं है जब मासूम शर्मा विवादों में आए हैं। इससे पहले जींद में एक कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने मंच से विवादित बयान दिया था। उस दौरान उन्होंने सरपंचों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था।
उस मामले में पूर्व सरपंच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्हें चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी और माफी नहीं मांगने पर महापंचायत बुलाने की चेतावनी भी दी थी। बाद में विवाद बढ़ने पर मासूम शर्मा ने फोन पर माफी मांगकर मामला शांत किया था। अब देहरादून की घटना के बाद एक बार फिर उनका वीडियो वायरल हो गया है और उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Akhil Mahajan