पीएम माेदी आएंगे हरियाणा! नायब सिंह सैनी सरकार के पहले साल का जश्‍न

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के पहले साल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे पर आ सकते हैं। अंबाला में रैली और वीर शहीदी स्मारक एवं एयरपोर्ट का उद्घाटन संभावित है।

पीएम माेदी आएंगे हरियाणा! नायब सिंह सैनी सरकार के पहले साल का जश्‍न

➤ नायब सिंह सैनी सरकार के दूसरे टर्म का पहला साल 17 अक्टूबर को पूरा
➤ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे पर आ सकते हैं, संभावित रैली अंबाला में
➤ लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त प्रधानमंत्री के हाथों महिला लाभार्थियों को दी जा सकती है


हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार 17 अक्टूबर 2025 को पहला साल पूरा कर रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे पर आ सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद दिल्ली जाकर पीएम को न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। संभावना है कि 18 अक्टूबर को अंबाला कैंट में एक भव्य रैली आयोजित की जाए।

अंबाला को चुनने की बड़ी वजह यह है कि यहां 600 करोड़ की लागत से बन रहे वार मेमोरियल (वीर शहीदी स्मारक) और डोमेस्टिक एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों करवाया जा सके। यह स्मारक कैबिनेट मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके अलावा एयरपोर्ट की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।

हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 20 लाख महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपए मिलेंगे। योजना की पहली किस्त 1 नवंबर को खातों में भेजी जाएगी, लेकिन प्रधानमंत्री दौरे के दौरान संभव है कि 50 महिला लाभार्थियों को यह राशि सीधे पीएम के हाथों दी जाए।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 1 अक्टूबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की और लाडो लक्ष्मी योजना सहित हरियाणा के विकास कार्यों पर चर्चा की। पीएम ने हरियाणा आने की संभावना को स्वीकार किया है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है।

सियासी चर्चा के मुताबिक, प्रधानमंत्री का यह दौरा केंद्रीय नेताओं का दूसरा कार्यक्रम होगा, क्योंकि 3 अक्टूबर को ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रोहतक और कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम किए थे।

इसके अलावा, 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र और अंबाला में पीएम मोदी का दूसरा संभावित कार्यक्रम है, जिसमें गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी पर्व और गीता जयंती के मौके पर रैली आयोजित की जा सकती है।