माई भारत पोर्टल से जुड़ेंगे युवा, बढ़ेगा कौशल और राष्ट्र निर्माण में योगदान

सोनीपत आईटीआई में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत सभी छात्रों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण हुआ। करियर काउंसलिंग और स्वच्छता अभियान भी आयोजित किए गए।

माई भारत पोर्टल से जुड़ेंगे युवा, बढ़ेगा कौशल और राष्ट्र निर्माण में योगदान

माई भारत पोर्टल पर सभी विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
कैरियर काउंसलिंग और स्वच्छता अभियान भी आयोजित


हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोनीपत में रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिले के सभी राजकीय आईटीआई संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाया।

संस्थान के प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए माई भारत पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल युवा मामले और खेल मंत्रालय की एक पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास और सामुदायिक कार्यों में अवसर प्रदान करना है। 15 से 29 वर्ष तक के युवा इस प्लेटफॉर्म से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत कैरियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें एम्प्लॉयबिलिटी इंस्ट्रक्टर ज्योति ने छात्रों को रिज्यूमे तैयार करने की विधि, इंटरव्यू की तैयारी, सफलता के लिए आवश्यक गुण और व्यक्तिगत विकास पर मार्गदर्शन दिया।

इसके अतिरिक्त संस्थान परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। वर्ग अनुदेशक सुनील दत्त के नेतृत्व में छात्रों और अनुदेशकों ने मिलकर पुरानी हॉस्टल बिल्डिंग, स्टाफ क्वार्टरों के पीछे, फिटर वर्कशॉप और कैंटीन परिसर की सफाई की। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान से जुड़कर अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मेजर संजय श्योराण, सीमा देवी, दीपक कुमार, सुरेन्द्र कुमार, सुनील दत्त, मुकेश नेहरा, सुनील मलिक, सुभाष चन्द्र, हरदीप, अमित, करतार सिंह, रणबीर सिंह, ओमबीर सरोहा, प्रवीण कुमार, नीरज, मंजीत, सुनील कुमारी तथा एनसीसी कैडेट्स सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।