हरियाणा के नरेंद्र यादव ने मेक्सिको की सबसे ऊंची ज्वालामुखीय चोटी पर फहराया तिरंगा
रेवाड़ी के पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने मेक्सिको की सबसे ऊंची ज्वालामुखीय चोटी पिको डी ओरिजाबा पर सफल आरोहण कर तिरंगा फहराया। यह उपलब्धि सेवन वोल्कैनिक समिट्स प्रोजेक्ट का हिस्सा है।
रेवाड़ी के नरेंद्र यादव ने मेक्सिको की सबसे ऊंची ज्वालामुखीय चोटी फतह की
माइनस 20 डिग्री तापमान में पिको डी ओरिजाबा पर फहराया तिरंगा
सेवन वोल्कैनिक समिट्स प्रोजेक्ट के तहत हासिल की नई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि
हरियाणा के रेवाड़ी निवासी युवा पर्वतारोही और सेवन समिट्स विजेता नरेंद्र सिंह यादव ने एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने मेक्सिको स्थित उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची ज्वालामुखीय चोटी पिको डी ओरिजाबा (5,636 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का तिरंगा फहराया।
यह अभियान एनएसवाई आउटडोर की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न देशों के 12 पर्वतारोहियों ने भाग लिया। कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण केवल 7 पर्वतारोही ही शिखर तक पहुंचने में सफल रहे। इस अंतरराष्ट्रीय अभियान का नेतृत्व भी नरेंद्र सिंह यादव ने किया।
नरेंद्र यादव 26 मई को भारत से मेक्सिको रवाना हुए थे। पांच दिनों तक चले इस अभियान के दौरान उन्होंने मेक्सिको सिटी, प्यूएबला और बेस कैंप से आगे बढ़ते हुए ऊंचाई और मौसम की कठिन चुनौतियों का सामना किया। 30 मई 2026 को सुबह 10:14 बजे उन्होंने सफलतापूर्वक शिखर पर पहुंचकर तिरंगा लहराया।
अभियान का सबसे कठिन चरण सिंगल पैच समिट पुश रहा। इस दौरान पर्वतारोहियों को करीब 1400 मीटर की बेहद खड़ी चढ़ाई करनी पड़ी। ऊंचाई बढ़ने के साथ तापमान माइनस 15 से माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि तेज हवाओं के कारण विंडचिल प्रभाव ने हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना दिए।
कड़ाके की ठंड, ऑक्सीजन की कमी और दुर्गम रास्तों के बावजूद नरेंद्र यादव ने साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए शिखर तक पहुंचने का लक्ष्य हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को पर्वतारोहण जगत में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
यह ऐतिहासिक आरोहण नरेंद्र यादव के "सेवन वोल्कैनिक समिट्स प्रोजेक्ट" का हिस्सा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत वह दुनिया के सातों महाद्वीपों की प्रमुख ज्वालामुखीय चोटियों पर चढ़ाई कर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
नरेंद्र सिंह यादव भारत के पहले युवा पुरुष पर्वतारोही हैं जिन्होंने सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों यानी सेवन समिट्स पर सफल आरोहण किया है। इसके अलावा वह दो बार माउंट एवरेस्ट भी फतह कर चुके हैं।
अब उनका अगला लक्ष्य एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम और सेवन वोल्कैनिक समिट्स अभियान को पूरा करना है, जिससे वह अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण जगत में भारत का नाम और ऊंचा कर सकें।
pooja