CM सैनी ने 319 दिन पुराना धरना कराया खत्म
रेवाड़ी में CM नायब सैनी ने 319 दिन से चल रहे ग्रामीणों के धरने को खत्म कराया। स्टेडियम और आयुर्वेदिक कॉलेज सहित कई मांगों पर आश्वासन दिया गया।
रेवाड़ी में CM नायब सैनी ने 319 दिन से चल रहा ग्रामीणों का धरना खत्म कराया
■ स्टेडियम, आयुर्वेदिक कॉलेज और अन्य मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद खत्म हुआ आंदोलन
■ कार्यक्रम में मंत्री राव नरबीर सिंह और पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास भी रहे मौजूद
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को रेवाड़ी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने गांव रामगढ़-भगवानपुरा में पिछले 319 दिनों से चल रहे ग्रामीणों के धरने को खत्म कराया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया, जिसके बाद धरनारत लोगों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और गांव में स्टेडियम, आयुर्वेदिक कॉलेज समेत अन्य विकास कार्यों को लेकर भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
धरना खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री गोकलपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित भंडारे और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास भी मंच पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का राजनीतिक विरोधी माना जाता है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने करीब 319 दिन पहले गांव में 200 बेड के सरकारी अस्पताल की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि जलघर के लिए जमीन लेने के बदले अस्पताल बनाने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में इसे पूरा नहीं किया गया।
धरने के दौरान ग्रामीण कई बार जिला मुख्यालय और रामपुरा हाउस तक प्रदर्शन करते हुए पहुंचे थे। आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बनी रही।
धरना स्थल पर महिलाओं द्वारा गाया गया एक गीत सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने मंत्री राव नरबीर सिंह से सहयोग की अपील की थी। इस गीत ने आंदोलन को प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना दिया था।
मुख्यमंत्री के रेवाड़ी दौरे को निकाय चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 10 मई को रेवाड़ी और धारूहेड़ा में निकाय चुनाव होने हैं, जहां भाजपा के कई उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पसंद के बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह चुनाव राजनीतिक प्रतिष्ठा का मुद्दा बनता नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री शाम को सैनी स्कूल में आयोजित ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती समारोह में भी शामिल होंगे और चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद धारूहेड़ा में रोड शो कर भाजपा उम्मीदवार अजय जांगड़ा के लिए वोट मांगेंगे।
कार्यक्रम में खेल मंत्री गौरव गौतम, सह प्रभारी सुरेंद्र पूनिया, जिला प्रभारी नसीम अहमद, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, डॉ. कृष्ण कुमार और अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
pooja