चावल से लेकर आलू तक, इन चीजों को दोबारा गर्म करना पड़ सकता है भारी
चावल, आलू, पालक और तले हुए खाद्य पदार्थों को बार-बार गर्म करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। विशेषज्ञों ने फूड सेफ्टी को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बार-बार गर्म किया खाना सेहत के लिए बन सकता है खतरा
चावल, आलू और हरी सब्जियों को दोबारा गर्म करने से बचने की सलाह
फूड पॉइजनिंग से लेकर हार्ट हेल्थ तक पर पड़ सकता है असर
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर बचा हुआ खाना दोबारा गर्म करके खा लेते हैं। हालांकि यह आदत सुविधाजनक जरूर लगती है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कुछ खाद्य पदार्थों को बार-बार गर्म करना शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कई फूड आइटम्स को दोबारा गर्म करने से उनके पोषक तत्व कम हो जाते हैं। वहीं कुछ मामलों में हानिकारक बैक्टीरिया और टॉक्सिन्स बनने का खतरा भी बढ़ जाता है। यही वजह है कि खाने को सुरक्षित तरीके से स्टोर और इस्तेमाल करना बेहद जरूरी माना जाता है।
पके हुए चावल को दोबारा गर्म करने को लेकर सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। लंबे समय तक बाहर रखने पर चावल में Bacillus cereus नामक बैक्टीरिया पनप सकता है। दोबारा गर्म करने पर भी इसके टॉक्सिन खत्म नहीं होते, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आलू की सब्जी को बार-बार गर्म करने से उसमें मौजूद स्टार्च की संरचना बदलने लगती है। इससे पोषण कम हो सकता है और कुछ स्थितियों में बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा भी रहता है। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसा खाना पेट भारीपन और अपच का कारण बन सकता है।
इसके अलावा पालक, मेथी और दूसरी हरी सब्जियां भी दोबारा गर्म करने से बचने की सलाह दी जाती है। इनमें मौजूद नाइट्रेट दोबारा गर्म होने पर नाइट्राइट में बदल सकता है, जो लंबे समय में शरीर के लिए नुकसानदायक माना जाता है।
मशरूम को भी बार-बार गर्म करना सही नहीं माना जाता। मशरूम में प्रोटीन और पानी की मात्रा अधिक होती है। दोबारा गर्म करने से इसकी संरचना प्रभावित हो सकती है और पाचन संबंधी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं।
वहीं समोसा, पकौड़ी और अन्य तले हुए खाद्य पदार्थ दोबारा गर्म करने पर तेल ऑक्सीडाइज होने लगता है। इससे शरीर में फ्री रेडिकल्स बढ़ सकते हैं, जो हार्ट और लिवर हेल्थ के लिए नुकसानदायक माने जाते हैं।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि भोजन को जरूरत के अनुसार ही पकाएं और अगर बच जाए तो उसे सही तापमान पर स्टोर करें। साथ ही कोशिश करें कि खाने को बार-बार गर्म करने की बजाय ताजा भोजन ही खाया जाए।
pooja