KMP एक्सप्रेसवे: हरियाणा में अचानक ब्रेक से पांच वाहन टकराए , लगी आग,दो जिंदा जले
नूंह में KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत। अचानक ब्रेक से पांच वाहन टकराए, कई किलोमीटर लंबा जाम लगा।
KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ड्राइवर-कंडक्टर जिंदा जले
अचानक ब्रेक से पांच भारी वाहन टकराए, आग में फंसे चालक
कई किलोमीटर लंबा जाम, राहत व्यवस्था पर उठे सवाल
हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली–मानेसर–पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। थाना मोहम्मदपुर अहीर क्षेत्र में गांव सबरस और गुड के पास हुए इस हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में पांच भारी वाहन आपस में टकरा गए, जिससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर चल रहे दो ट्रेलरों ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहे एक कंटेनर और दो अन्य ट्रक उन्हें संभाल नहीं पाए और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद खनन सामग्री से लदा ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दोनों ट्रेलरों में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर के केबिन में मौजूद चालक और खलासी बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही पलों में आग ने पूरे केबिन को चपेट में ले लिया और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को बचाने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइड्रा और अन्य राहत संसाधन देर से पहुंचे, जिससे हालात और बिगड़ गए। हादसे के बाद अचानक ब्रेक लगाने वाले दोनों ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। क्रेन और हाइड्रा मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम जारी है, लेकिन जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अचानक ब्रेक लगाना, ओवरलोडिंग और लेन अनुशासन की कमी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर सतर्कता और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।
Akhil Mahajan