खेत में भरे पानी में डूबने से 4 की मौत, हरियाणा में दर्दनाक हादसा
हरियाणा के नूंह जिले के सालाहेड़ी गांव में खेत में भरे पानी में दो महिलाएं और दो बच्चों की डूबने से मौत हुई हादसे में पूरे गांव में शोक का माहौल, पोस्टमार्टम और जांच शुरू
➤ सालाहेड़ी में तालाब में डूबने से 4 की मौत
➤ महिलाएं और बच्चे शामिल, हादसा कपड़े धोने के दौरान हुआ
➤ बारिश से भरे खेत में पैर फिसलने से डूबने की संभावना
हरियाणा के नूंह जिले के गांव सालाहेड़ी में शनिवार देर शाम एक दुखद हादसा हुआ। गांव के एक खेत में भरे पानी में दो महिलाएं और दो बच्चे डूब गए, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। खेत में पानी से चारों शवों को निकालने में ग्रामीण जुट गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस खेत में हुआ जो हाल ही में मिट्टी खुदाई के कारण बना था। बारिश के चलते खेत में पानी भर गया था और यह पानी खतरनाक गहराई तक पहुँच गया। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे, गांव की दो महिलाएं (जेठानी–देवरानी) अपनी दो बेटियों के साथ कपड़े धोने के लिए पानी में गईं।
पानी में खेलते समय लड़कियों का पैर फिसल गया और वे डूबने लगीं। उनकी माँयें उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गईं, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी तब मिली जब किसी व्यक्ति ने शाम करीब साढ़े 7 बजे पानी में तैरते हुए चारों शव देखे और ग्रामीणों को सूचना दी। तुरंत मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी और उन्होंने शवों को पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोग सदमे में हैं।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए गांव में सुरक्षा उपाय किए जाएंगे और खतरनाक जलाशयों के आसपास चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे।
Akhil Mahajan