डेथ सर्टिफिकेट मांगा ताे 20 हजार के लिए कब्र खोदी और बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई, मचा हड़कंप
ओडिशा के क्योंझर में एक व्यक्ति अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया, क्योंकि उसे खाते से पैसे निकालने की प्रक्रिया समझ नहीं आई थी।
➤ बैंक ने खाताधारक को लाने की बात कही, समझ नहीं पाया प्रक्रिया
➤ पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अब राशि दिलाने का आश्वासन
ओडिशा के क्योंझर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया। यह घटना जिले के पटना ब्लॉक स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, दियानाली गांव निवासी जीतू मुंडा (50) अपनी बड़ी बहन कालरा मुंडा (56) के बैंक खाते से करीब 20 हजार रुपये निकालने के लिए कई दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे थे। उनकी बहन का निधन 26 जनवरी 2026 को हो चुका था।
जीतू मुंडा का आरोप है कि उन्होंने बैंक अधिकारियों को कई बार बताया कि उनकी बहन की मौत हो चुकी है, लेकिन बैंक कर्मचारी बार-बार खाताधारक को साथ लाने की बात कहते रहे। वह खुद पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए बैंक की कानूनी प्रक्रिया और दस्तावेजों की शर्तों को समझ नहीं पाए।
मजबूरी में जीतू मुंडा ने अपनी बहन की कब्र खोदकर कंकाल निकाल लिया और उसे सबूत के तौर पर बैंक पहुंच गए। बैंक के बाहर कंकाल देखकर वहां मौजूद कर्मचारी और लोग दंग रह गए। स्थिति को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे पटना थाना प्रभारी किरण प्रसाद साहू ने बताया कि जीतू को यह जानकारी नहीं थी कि मृत व्यक्ति के खाते से पैसे निकालने के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र और कानूनी वारिस से जुड़े दस्तावेज जरूरी होते हैं। बैंक अधिकारी भी उन्हें यह प्रक्रिया ठीक से समझाने में नाकाम रहे।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जीतू मुंडा को आश्वासन दिया गया कि उन्हें उनकी बहन के खाते से पैसे निकलवाने में पूरी मदद की जाएगी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा सम्मानपूर्वक दफना दिया गया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मृतका के खाते में नामित व्यक्ति (नॉमिनी) की भी पहले ही मृत्यु हो चुकी है, ऐसे में जीतू मुंडा ही एकमात्र दावेदार हैं। प्रशासन ने बैंक को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द से जल्द राशि उपलब्ध कराई जाए।
Akhil Mahajan