पति ने कराई टेस्ट की तैयारी, पुलिस में भर्ती होते ही पत्नी ने छोड़ा घर

हरियाणा के पलवल में आर्य समाज मंदिर में हुई शादी विवादों में बदल गई। पति ने पत्नी पर धोखे और साथ छोड़ने का आरोप लगाया, वहीं दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल ने बहकाकर शादी कराने का दावा किया। मामला कोर्ट और मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है।

पति ने कराई टेस्ट की तैयारी, पुलिस में भर्ती होते ही पत्नी ने छोड़ा घर

➤ हरियाणा के पलवल में युवक-युवती के बीच आर्य समाज मंदिर में हुई शादी विवादों में
➤ पति ने पत्नी पर धोखे और साथ छोड़ने का लगाया आरोप, पत्नी ने कहा बहकाकर शादी कराई
➤ मामला कोर्ट और मानवाधिकार आयोग तक पहुंचा, अब कानूनी लड़ाई जारी

हरियाणा के पलवल में उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित एसडीएम ज्योति मौर्य और उनके सफाईकर्मी पति आलोक मौर्य जैसे ही एक नया मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय पीतम और दिल्ली पुलिस में तैनात 29 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल की शादी अब विवादों में उलझ गई है।

पीतम सिंह के साथ महिला की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

पीतम का आरोप है कि जनवरी 2023 में उसने युवती से आर्य समाज मंदिर में शादी की और उसे दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कराई। पत्नी की नौकरी के लिए उसने अपनी लाइब्रेरी और जमीन तक बेच दी। फरवरी 2024 में महिला ने ट्रेनिंग ज्वाइन की और फरवरी 2025 में मायके लौटकर उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। पीतम का कहना है कि पत्नी ने वेरिफिकेशन के दौरान खुद को अविवाहित बताया और अब तलाक के लिए दबाव बना रही है।

पीतम ने सीएम हरियाणा, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी है। उसने कोर्ट में सेक्शन 9 के तहत अपील भी की है, जिसकी अगली सुनवाई फरवरी 2026 में होगी।

आर्य समाज मंदिर में हुई शादी का डॉक्यूमेंट दिखाता पीतम सिंह।

दूसरी ओर, महिला कॉन्स्टेबल ने सभी आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा कि पीतम ने बहकाकर धोखे से मंदिर में शादी कराई। उसका कहना है कि उसने खुद तैयारी का खर्च उठाया और पीतम पर आरोप लगाया कि वह गुजारा भत्ते की धमकी देकर दबाव बना रहा है। महिला का कहना है कि उसके परिवार ने सामाजिक शादी के लिए समय मांगा था लेकिन पीतम ने बिना इंतजार किए आरोप लगाने शुरू कर दिए।

यह विवाद अब कोर्ट में पहुंच चुका है और दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क और सबूतों के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। मामला पलवल के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे यूपी के चर्चित ज्योति मौर्य केस से जोड़ा जा रहा है।