स्कूल में गुड टच- बेड टच सेशन में खोला राज: मासूम ने बताई 2 साल पुरानी हैवानियत, फूफा गिरफ्तार
पंचकूला में गुड टच-बेड टच सेशन के दौरान बच्ची ने 2 साल पुरानी बेड टच घटना बताई। रिश्ते में फूफा आरोपी गिरफ्तार। DCP ने बच्चों को सुरक्षा शिक्षा देने की अपील की।
- पंचकूला में गुड टच-बेड टच सेशन में बच्ची ने 2 साल पुरानी घटना बताई
- रिश्ते में फूफा आरोपी, बच्ची को ऑटो में ले जाकर गलत हरकत करता था
- पुलिस ने काउंसिलिंग के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया, DCP ने जागरूकता की अपील की
हरियाणा के पंचकूला में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। रिश्ते में फूफा लगने वाले एक व्यक्ति ने मासूम बच्ची के साथ बेड़ टच किया। उस समय बच्ची छोटी थी, इसलिए उसे इस हरकत का मतलब समझ नहीं आया। लेकिन दो साल तक घटना उसकी याद में बनी रही।
पुलिस ने 29 नवंबर को बच्चियों के लिए गुड टच-बैड टच पर जागरूकता सेशन आयोजित किया। जब सेशन में बच्ची को सही और गलत स्पर्श के बारे में जानकारी दी गई, तो उसे दो साल पुरानी घटना याद आ गई। उसने हिम्मत जुटाकर अपनी टीचर को पूरी बात बताई।
टीचर ने तुरंत बच्ची की मां को स्कूल बुलाकर पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद बच्ची की मां उसे लेकर महिला थाना पहुंचीं, जहां बच्ची का बयान दर्ज हुआ।
बच्ची ने बताया कि आरोपी पहले उसे ऑटो से स्कूल छोड़ने जाता था। वह उसे घर से एक घंटा पहले ले जाता और परिवार को कहता कि उसे दूसरे बच्चों को भी स्कूल छोड़ना है। लेकिन उस दौरान आरोपी बच्ची को एक मकान में ले जाकर गलत हरकत करता था। परिवार ने कभी उस पर शक नहीं किया, क्योंकि वह रिश्तेदार था।
बाद में बच्ची स्कूल वैन से जाने लगी, जिससे आरोपी दूर हो गया। लेकिन उसके मन में घटना हमेशा बनी रही। काउंसिलिंग के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच अधिकारी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि जागरूकता कक्षाओं ने बच्ची को बोलने की हिम्मत दी, जिससे यह घटना सामने आ सकी। DCP सृष्टि गुप्ता ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की जिम्मेदारी है और रिश्तेदारों पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। बच्चों को गुड टच-बेड टच की शिक्षा देना बेहद जरूरी है।
Author1